ई रिक्शा चालक सूरज की हत्या करने के पांच आरोपी वारदात के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 01 जुलाई: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने गंगाराम कॉलोनी में 50 हजार रूपए के विवाद में ई रिक्शा चालक सूरज की पिटाई कर हत्या करने के पांच आरोपियों को वारदात के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को विराट नगर स्थित हैप्पी होम के नजदीक नहर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी अजीत, मुकेश, सूरज, राजा उर्फ काला तथा देवी नगर निवासी प्रिंस के रूप में हुई है।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नामजद फरार अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर सूरज की हत्या करना स्वीकारा। आरोपी अजीत ने पूछताछ में पुलिस को बताया गंगाराम कॉलोनी में उसने किराए की दुकान में ऑफिस किया हुआ है। ऑफिस पर अक्सर सूरज भी उनके साथ बैठता था। उसने ऑफिस में 50 हजार रूपए रखे थे। पैसे सूरज उठाकर ले गया था। उसके कई बार कहने पर भी सूरज ने पैसे नहीं दिए। 29 जून को उसने अपने साथी आरोपी प्रिंस, मुकेश, सूरज, राजा उर्फ काला व फरार अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर सूरज को मजा चखाने की साजिश रची और ऑफिस पर बुलाकर डंडों व लात घुस्सों से पिटाई की। उसके हाथ परने से बांध दिए और मुंह में पानी डाल दिया। सूरज बेसुध हो गया और वे दुकान पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए थे।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दो आरोपी मुकेश व सूरज को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी अजीत, प्रिंस व राजा उर्फ काला को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला:
थाना पुराना औद्योगिक में हरि नगर कच्चा काबड़ी फाटक निवासी मधु पत्नी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पति सूरज गंगाराम कॉलोनी निवासी अजीत की ई रिक्शा किराये पर लेकर चलाता था। 29 जून की देर रात करीब 10/11 बजे उनके घर रणजीत, कुंदन व राजा उर्फ काला आए। रणजीत कहने लगा सूरज दुकान से 50 हजार रूपए लेकर आया है। पैसे बाल्टी में छुपाकर रखने की बात कही। रणजीत के कहने पर उसने चेकिंग की पर पैसे नहीं मिले। रणजीत ने मोबाइल से अजीत के पास फोन कर उसकी बात कराई। अजीत कहने लगा सूरज उसकी दुकान से 50 हजार रूपए लेकर गया है। फोन पर बात करने के दौरान पीछे से उसके पति सूरज की आवाज सुनाई दे रही थी। पति सूरज कह रहा था उसने कोई पैसा नहीं लिया है। रातभर पति सूरज घर नहीं लौटा और मंगलवार सुबह उसे पता चला अजीत, रणजीत, सूरज, मुकेश, प्रिंस, राजा उर्फ काला, कुंदन तथा धर्मेंद्र ने मिलकर उसके पति सूरज की हत्या कर दी। शव दुकान में पड़ा है। पुलिस ने गंगाराम कॉलोनी में मौके पर पहुंच दुकान के शटर का ताला तुड़वाकर शव को निकाला। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में मधु की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments