निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए आचार संहिता की पालना होनी चाहिए सुनिश्चित:–ज्योति मित्तल.
-चुनाव से जुड़े नोडल अधिकारियों की बैठक ली और चुनाव तैयारियों बारे चर्चा की।
BOL PANIPAT : 17 अप्रैल– इसराना की एसडीएम एवं इसराना विधानसभा की सहायक रिटर्निग अधिकारी ज्योति मित्तल ने अपने कार्यालय में चुनाव से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपनी-अपनी डियूटी ईमानदारी और निष्पक्षता से करें। जिला में 25 मई को लोकसभा के लिए मतदान होगा.
टोल फ्री नंबर पर आने वाली शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करें।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर चुनाव से संम्बंधित शिकायत कर सकता है। उन्होंने नोडल अधिकारी को निर्देश दिये कि लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना करने वाले व्यक्ति पर तुरंत कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदान करें व अन्य व्यक्तियों को जागरूक करें। मतदान हर पात्र का लोकतांत्रिक अधिकार है। अगर कोई व्यक्ति आपको वोट के लिए किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो उसकी भी सूचना जिला प्रशासन को करें ताकि उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि लोकसभा आम चुनाव को लेकर 1950 नंबर पर शिकायत की जा सकती है।
आचार संहिता का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करें।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने आचार सहिंता की पालना करवाने के निर्देश देते हुए कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान प्रचार सामग्री का प्रकाशन करने के लिए पोस्टर या पंफलेट पर प्रकाशन करने वाले का नाम तथा प्रतियों की संख्या छपी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित नोडल अधिकारी चुनाव खर्च के विवरण पर पूरी निगरानी रखे। निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए सी-विजिल एप भी एक महत्वपूर्ण एप है। सी-विजिल एप की मदद से नागरिक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर सकता है। इसमें फोटो, वीडियो और ऑडियो अपलोड करके शिकायत दर्ज होने की सुविधा है। इस पर आने वाली शिकायत का तुरंत और तय समय में निपटान जरूरी है।

Comments