बर्फ तोड़ने वाले सुए से जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 28 अप्रैल 2024,थाना चांदनी बाग पुलिस ने धूप सिंह नगर में बर्फ तोड़ने वाले सुए से युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश शर्मा ने बताया कि थाना चांदनी बाग में धूप सिंह नगर निवासी कुलदीप पुत्र अजमेर ने शिकायत देकर बताया था कि 4 फरवरी को उसके बेटे का जन्मदिन था। देर शाम उसका साला बादल जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए अपने दोस्त नीरज के साथ कार में सवार होकर घर पर आ रहा था। घर के नजदीक पहुचने पर गली में खड़ी एक रेहड़ी से कार टकरा गई। साले बादल ने रेहड़ी के मालिक ढब्बू से माफी मांगी और उचित हर्जाना देने की बात कही। ढब्बू व उसके दोस्तों ने उनकी बात ना सुनकर हथियार से हमला कर दिया। वह जान बचाकर गली में भागे तो आरोपियों ने पीछा कर बर्फ तोड़ने वाले सुए से बादल के पेट पर हमला किया। साले बादल ने उनके पड़ोसी के घर में घुसकर जान बचाई। हमला करने के बाद आरोपी उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। बादल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर गए बाद में ऑस्कर हस्पताल में भर्ती करवाया। सीटी स्कैन की रिपोर्ट में बादल की किडनी व फेफड़े में छेद की पुष्टि हुई है। कुलदीप की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर राकेश शर्मा ने बताया कि थाना चांदनी बाग पुलिस ने शनिवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी टिंकू, मनीष, सागर व अमित निवासी धूपसिंह नगर को धूपसिंह नगर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपने साथी आरोपी दीपक व उस्मान निवासी धूपसिंह नगर व कासिम निवासी राम नगर के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने पूछताछ के बाद रविवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। वारदात में शामिल फरार इनके तीनों साथी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments