रास्ता रोककर चोट मारने का चौथा आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 31 जुलाई 2025, सीआईए टू पुलिस टीम ने बबैल नाका के नजदीक युवक का रास्ता रोककर लाठी, डंडों से चोट मारने मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान उग्राखेड़ी निवासी शुभम के रूप में हुई है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी शुभम ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथी आरोपियों न्यू दलबीर नगर निवासी अजय उर्फ घोड़ा, निम्बरी निवासी सुनील व दलबीर नगर निवासी सागर के साथ मिलकर चोट मारने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी शुभम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी अजय उर्फ घोड़ा, सुनील व सागर के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो डंडे व एक बाइक बरामद कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा चुकी है।
यह है मामला
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कुटानी रोड दलबीर नगर निवासी रवि पुत्र महाबीर ने शिकायत देकर बताया था कि 26 फरवरी 2025 को सागर व अनुज के बीच झगड़ा हुआ था। सागर ने झगड़े की अनुज व अन्य के खिलाफ थाना में शिकायत दी थी। 27 फरवरी को वह और दो तीन अन्य व्यक्ति अनुज के साथ इस बारे थाना में गए थे। पुलिस के बुलाने पर सागर वहा नहीं आया तो वह भी अपने घर आ गए थे। देर रात 11 बजे वह अपने दोस्तों अजय पंडित व मोनू के साथ बबैल नाका से होकर किशनपुरा में काम से जा रहा था। तभी बबैल नाका पर आरोपी अजय उर्फ घोड़ा, सुनील, शुभम व अन्य छह सात युवकों ने रास्ता लिया। वे सभी हाथों में डंडे व सरिये लिए हुए थे। आरोपी अजय उर्फ घोड़ा ने अपने हाथ में ली पिस्तौल उसकी कनपटी पर सटा दी। दोस्त मोनू व अजय पंडित डर के मारे भाग गए। आरोपी उसको पिस्तौल की नोक पर कार में डालकर उझा रोड की तरफ ले गए। वहा उनके और दो तीन अन्य साथी हथियार से लैस होकर खड़े थे। वहा उसको गाड़ी से उतारकर जबरदस्ती शराब पिलाई। चांदी की चेन व 4560 रूपए निकाल लिए। आरोपियों ने सागर के साथ थाने में जाने का मजा चखाने का ललकारा देकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी अजय ने राड से पैर वा वार किए एक युवक ने सिर में ईट मारी और अन्य ने लाठी, सरिये व डंडों से वार किये। वह बेहोश हो गया तो आरोपी उसे मरा समझकर मौके से भाग गए। कुछ देर बाद उसके दोस्त अजय पंडित व मोनू मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। चोट ज्यादा होने के चलते डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने बाद में उसे आधार हस्पताल में दाखिल कराया। रवि की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments