मॉडल टाउन के सरकारी स्कूल में 300 बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
BOL PANIPAT , इनर व्हील क्लब पानीपत मिड टाउन द्वारा आज मॉडल टाउन स्थित सरकारी स्कूल में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 300 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल के जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक बंसल (MBBS, MD Pediatrics) ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारियों से बचाव एवं उपचार की जानकारी देना था। डॉ. शशांक बंसल ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की, जिसमें उनकी लंबाई, वजन, आंखों की रोशनी, दांतों की स्थिति और सामान्य शारीरिक परीक्षण शामिल थे। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों को साफ-सफाई, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
इनर व्हील क्लब पानीपत मिड टाउन की प्रधान रूपाली चोपड़ा ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों के पंजीकरण से लेकर उन्हें डॉक्टरों तक पहुंचाने तक की पूरी व्यवस्था संभाली। क्लब की सदस्यों ने बताया कि वे समाज सेवा के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहती हैं और भविष्य में भी ऐसे जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेंगी।
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य कुसुम बंसल और स्टाफ सदस्यों ने इनर व्हील क्लब पानीपत मिड टाउन और डॉ. शशांक बंसल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक होते हैं और सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए। शिविर में उपस्थित बच्चों और उनके अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह जानकारी क्लब संपादिका श्वेता मिगलानी ने दी।
इस अवसर पर कल्ब की सदस्याएँ रूपाली चोपड़ा, मंजरी गोयल, प्रियंका दुआ, नीतू छाबड़ा, पूजा मलिक, साधिका मिगलानी, पिंकी सैनी और मोनिका बठला भी उपस्थित थीं।

Comments