गन्नौर विधानसभा की विधायक निर्मल चौधरी ने जनसंवाद के तहत लोगों की समस्याएं सुनी.
BOL PANIPAT : 17 नवंबर। गन्नौर विधानसभा की विधायक निर्मल चौधरी ने शुक्रवार को समालखा खंड के विभिन्न गांवों में जनसंवाद के तहत लोगों की समस्याएं सुनी और उन्हें संबोधित भी किया।
विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के दिशा निर्देश पर वे उनके प्रतिनिधि के तौर पर गांव में जनसंवाद कर लोगों से रूबरू होने के लिए आई हैं। मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी दी है कि लोगों के बीच में जाकर सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं को सुनकर उनकी मांगों का पूरा विवरण मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि सभी मांगों व समस्याओं को हल किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं व्यक्तित्व रुचि लेकर इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं और प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की तकलीफ को जानते हैं। आज जिस तरह से आमजन के लिए बनाई गई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है उनसे लोगों में सुरक्षा की भावना बनी है। आयुष्मान कार्ड से लेकर मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। आज मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही है और बिना पर्ची खर्ची के लोग अपनी मेहनत के बल पर युवा नौकरी ले रहे हैं।
विधायक निर्मल चौधरी ने लोगों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जल संरक्षण की पहल को भी आगे बचाएं और पानी की एक बूंद को बचाएं। क्योंकि जल को देवता के समान माना गया है। हम सबको प्राकृतिक संसाधनों को बचाकर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने होंगे और ज्यादा से ज्यादा पानी को भी बचाना होगा, तब कहीं जाकर हम आने वाले पीढ़ी को अच्छा वातावरण और जल दे पाएंगे।
उन्होंने कहा कि हम सबको युवाओं को नशाखोरी से दूर रखने का भी प्रयत्न करना होगा और लोगों को ज्यादा से ज्यादा नशे से दूर रहने के लिए भी जागरूक करना होगा। आज के समय में युवा वर्ग को नशा खोखला करता जा रहा है जो हम सबके लिए चुनौती है।
विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि जिस गांव में परिवार पहचान पत्र को लेकर समस्या आ रही है उन गांव में अधिकारियों को कैंप लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं और यह समस्याएं दूर की जाएंगी। गांव बिहोली में पहुंचने पर जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने विधायक निर्मल चौधरी का स्वागत करते हुए अपना संबोधन भी दिया। इस मौके पर एसपी मयंक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Comments