Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


कैंटर चालक से मारपीट कर लूट करने वाले गिरोह का आरोपी काबू

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 16, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 16 दिसंबर :  थाना समालखा पुलिस ने नारायणा गांव के नजदीक 13 दिसंबर की रात कैंटर चालक से मारपीट कर नगदी व मोबाइल फोन लूट की वारदात का सोमवार को पर्दाफाश  कर गिरोह के एक आरोपी को काबू किया। आरोपी की पहचान नारायणा गांव निवासी मोइन उर्फ मोनी के रूप में हुई है।

समालखा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि थाना समालखा में गवालड़ा गांव निवासी रामनिवास पुत्र सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने कैंटर को भाड़े में चलाता है। 13 दिसंबर को नूरपुर गढ़ी व पसीना कला गांव के किसानों की गोभी कैंटर में भरकर दिल्ली आजादपुर मंडी गया था, किसान भी साथ गए थे। गोभी बिकने के बाद शाम को सभी किसान उसके साथ वापिस आए। किसानों को उनके गांव में उतारने के बाद वह देर राक कैंटर लेकर घर लौट रहा था। साथ में गांव निवासी दीपक भी था। रात करीब 1:30 बजे नरायणा नहर पूल से टिटाना गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर गांव नरायणा से थोड़ा आगे निकले तो चार अज्ञात लड़कों ने बीच सड़क बाइक खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। कैंटर के रूकते ही चारों लड़कों ने खिड़की खोलकर दोनों को नीचे उतार लिया और मारपीट की। आरोपी मारपीट के बाद कैंटर से उसका मोबाइल फोन व डेस बोर्ड में रखे 24 हजार रूपए निकालकर फरार हो गए। थाना समालखा में रामनिवास की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर सोमवार को मिली गुप्त सूचना पर आरोपी मोइन उर्फ मोनी पुत्र इकबाल निवासी नारायणा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह और फरार उसके तीनों साथी आरोपी 13 दिसंबर की रात गांव में चौपाल के पास खाली प्लाट में बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। शराब खत्म होने पर चारों ने और शराब पीने के लिए राहगीरों से लूट करने की योजना बनाकर कैंटर चालक से लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने सोमवार को आरोपी मोइन उर्फ मोनी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से फरार उसके साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने व लूटी गई नकदी व मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास करेगी।

Comments