महान संतों ने हमें दिया समानता, शिक्षा, भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश: कृष्ण लाल पंवार
डाडोला गाँव में की गई संत रविदास और डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति की स्थापना।
BOL PANIPAT, 21 सितंबर। प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार को गांव डाडोला में संत रविदास और भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम केवल श्रद्धा और आस्था का कार्यक्रम नहीं होते बल्कि ऐसे कार्यक्रम हमें महान संत और महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महान संतों ने हमें समानता, शिक्षा, भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश दिया है। आज देश में महापुरुषों की शिक्षाओं और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में सामाजिकता, जन भागीदारी, स्वच्छता, सेवा और वंचित वर्ग के कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को महत्व दिया गया है। प्रदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बीते कई वर्षों से सभी धर्म के महापुरुषों की जयंतियां और प्रकाश पर्व राज्यस्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से हर वर्ष मनाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन महापुरुषों के जीवन और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि गांव में रहने वाले लोगों को बेहतर सडक़ बिजली पेयजल स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिले। पंचायत के माध्यम से ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने और गांव को आधुनिक सुविधा से जोडऩे पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश हमें समानता सिखाता है, बाबा साहेब का जीवन शिक्षा और अधिकारों की प्रेरणा देता है। महर्षि वाल्मीकि का जीवन ज्ञान और मानव मूल्यों का संदेश देता है और महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे समाज सुधारो का योगदान हमें सामाजिक जागरूकता की दिशा दिखाता है। आज हम सबको मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि हम अपने बच्चों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं देंगे बल्कि उन्हें अपने महापुरुषों के जीवन और विचारों से भी परिचित करेंगे। गांव में भाईचारा मजबूत करेंगे, नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे। बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करेंगे और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आएंगे। इस मौके पर ग्रामीणों ने विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया।

Comments