Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने पानीपत पुलिस लाईन में ऑफिसर्स मेस का उद्घाटन किया.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 14, 2023 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : हरियाणा पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल सोमवार को पानीपत पुलिस लाइन पहुंचे। यहां पर उन्होंने ऑफिसर्स मेस का उद्घाटन कर इसे पुलिस अधिकारियों को समर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने पुलिस ऑफिसर मेस में भोजन भी किया। पुलिस महानिदेशक का पुलिस लाइन में पहुंचने पर पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल करनाल सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस कमिश्नर सोनीपत सतीश बालन, पुलिस अधीक्षक पानीपत अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इससे पूर्व पुलिस जवानों द्वारा पुलिस महानिदेशक को सम्मान में सलामी दी गई।

पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने इस मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों, विभिन्न एनजीओ के सदस्यों व गणमान्य व्यक्तियों से संवाद किया। उन्होनें अपने कार्यकाल में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की हौसला बढ़ाने के लिए प्रशंसा की और कहा कि वह अपने कार्यकाल को सदैव याद रखेंगे। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश की विभिन्न एनजीओ ने जिस तरह से पुलिस द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियानों में समन्वय स्थापित कर इनको सिरे चढ़ाया है वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि कोई भी अभियान बिना आमजन की सहभागिता के सफल नहीं हो सकता। इसके लिए आमजन का इन अभियानों में भाग लेना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि गैर सरकारी संगठनों ने इस काम को बखूबी आगे बढ़ाया है जिससे यह अभियान सफल हो पाए हैं।

पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने ऑफिसर्स मेस का उद्घाटन कर परिसर में पौधारोपण भी किया।

इस पुलिस ऑफिसर मेस में भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल बनाए गए हैं, जिस पर सवा 3 करोड़ रुपए की लागत आई है। भूतल पर ड्राइंग रूम के अलावा कॉन्फ्रेंस हॉल और रसोई बनाई गई है। वहीं प्रथम तल पर चार अति विशिष्ट व्यक्तियों के लिए सुईट बनाए गए हैं। द्वितीय तल पर 6 कमरे और एक जिम बनाया गया है। यह ऑफिसर मेस 13 हजार स्क्वायर फीट में तैयार की गई है जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह पुलिस ऑफिसर्स मेस हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा तैयार किया गया है।

इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल करनाल  सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस कमिश्नर सोनीपत सतीश बालन, जिला सत्र एवम न्यायाधीश  सुदेश शर्मा, उपायुक्त  वीरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, करनाल के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, जिला न्यायवादी राजेश चौधरी, हरियाणा पुलिस हाऊसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों सहित विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

Comments