हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने जेल परिसर का दौरा कर कैदियों से बातचीत की
BOL PANIPAT : 17 मार्च। हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने वीरवार को जिला कारागार का दौरा किया और कहा कि जेलों में सुधारों की प्रक्रिया निरंतर जारी है प्रदेश की जेलों में अतिरिक्त मूलभूत सुविधाओं को देने के लिए सरकार के साथ बात की जाएगी। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा मानव अधिकार आयोग के रजिस्ट्रार कुलदीप जैन भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि जेल के अंदर पैथ लैब स्थापित करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग से बात की जाएगी ताकि छोटे-छोटे टेस्ट जेल परिसर के अंदर ही हों और कैदियों को बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर वर्तमान में मेडिकल ऑफिसर 14 दिन के लिए लगाया गया है इसे महीने के 30 दिन तक करने का भी प्रावधान करवाया जाएगा। यही नहीं जिलों के अंदर मनोवैज्ञानिक रखने को लेकर भी मंथन चल रहा है।
हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने जेल परिसर का दौरा कर कैदियों से बातचीत भी की और उन्हें दिया जाने वाला खाना, दवाइयां और स्वच्छ वातावरण इत्यादि पर कैदियों से चर्चा भी की।
दीप भाटिया ने जेल प्रशासन द्वारा जेलों के अंदर सुविधाएं उपलब्ध देने को लेकर उनकी प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि जेल परिसर के अंदर बहुत ही अच्छा अस्पताल स्थापित किया गया है जिसमें डेंटल चेयर, ईसीजी मशीन और एक्स-रे मशीन आ चुकी है जिसके फायदे होंगे। उन्होंने कहा कि जेल परिसर में भविष्य में कैदियों की संख्या बढ़ेगी इसको लेकर भी सरकार से बातचीत की जाएगी कि भविष्य में इनका क्या समाधान किया जा सकता है।
जेल अधीक्षक देवी दयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कारागार में अत्याधुनिक कैमरे लगाए गए हैं और कैदियों का समय समय पर कैम्प लगा कर भी मेडिकल चेक अप किया जाता है। जेल के अंदर मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। जेल में समय समय पर मैडिटेशन इत्यादि भी करवाया जाता है। इस मौके पर उप जेल अधीक्षक जोगिंद्र देशवाल,गीता व भूपेंद्र सिंह के अलावा सहायक जेल अधीक्षक यश कुमार व शिव कुमार इत्यादि भी उपस्थित थे।

Comments