गृह मंत्री अनिल विज ने पानीपत सीआईए-टू के 8 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए
BOL PANIPAT : गृह मंत्री अनिल विज ने जनता की सुनवाई के दौरान अपराधिक मामले में नामजद पानीपत सीआईए-टू के इंस्पेक्टर सहित अन्य 7 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। ये निर्देश श्री विज ने आज अंबाला में लोगों की समस्याओं का निवारण करने के दौरान दिए। साथ ही अपहरण के मामले में जांच के लिए प्रदेश के डीजीपी को शिकायत भेजी गई है।
इसके अलावा, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी व 2 इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित करने के निर्देश भी दिए। पानीपत सनौली रोड निवासी हीरालाल ने गृह मंत्री विज के समक्ष अपने बेटे के अपहरण मामले की शिकायत की थी। गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष पानीपत सनौली रोड निवासी हीरा लाल आहूजा ने शिकायत देते हुए बताया कि पानीपत सीआईए-टू स्टाफ के खिलाफ कोर्ट के आदेशों पर बीती 25 दिसंबर को अपहरण, मारपीट व अन्य धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
हीरालाल ने आरोप लगाया कि दो माह पहले दर्ज इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और बल्कि उलटा उसे धमकाया जा रहा है।अनिल विज ने इस मामले में तुरंत सुनवाई करते हुए सीआईए-टू इंस्पेक्टर सहित अन्य को सस्पेंड करने के आदेश ़िदए। गृह मंत्री ने कहा कि कोर्ट के आदेशों पर यह मामला दर्ज हुआ था और इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Comments