Thursday, August 27, 2026
Newspaper and Magzine


युवक की पीटकर हत्या करने के दो आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at August 27, 2026

BOL PANIPAT , 27 अगस्त: सीआईए वन पुलिस टीम ने थाना तहसील कैंप क्षेत्र की इंद्रा विहार कॉलोनी निवासी सोनू (26) की पीटकर हत्या करने के दो आरोपियों को बुधवार को चौटाला रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विजय नगर निवासी तुषार और हरि सिंह कॉलोनी निवासी विजय उर्फ बिल्लू के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि थाना तहसील कैंप में जींद के नीमनाबाद गांव निवासी सुलतान ने शिकायत देकर बताया था कि उसका साला सोनू इंद्रा विहार कॉलोनी में रहता था। 13 अगस्त को तुषार और बिल्लू अपने अन्य साथियों के साथ सोनू के घर पहुंचे और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए। सोनू की आंखों पर पट्टी बांधी और किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। परिजन सोनू को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां से 16 अगस्त को उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 23 अगस्त को सोनू की मौत हो गई। सुलतान की शिकायत पर थाना तहसील कैंप में हत्या की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी।

प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए वन पुलिस टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। इसी दौरान बुधवार को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी चौटाला रोड पर स्टेडियम के पास घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने फरार साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे ब्याज पर रुपए देने का काम करते हैं। उन्होंने सोनू को 10 हजार रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर दिए थे। सोनू रुपए और ब्याज वापस नहीं कर रहा था। रुपए मांगने पर वह उनके साथ गाली-गलौज करता था। दोनों आरोपियों ने अपने फरार साथी के साथ मिलकर साजिश रची और 13 अगस्त को सोनू को उसके घर के बाहर से जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर विजय नगर ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की। मारपीट से सोनू की तबीयत खराब होने पर तीनों उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी विजय उर्फ बिल्लू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया और आरोपी तुषार को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply