ऑनर किलिंग : घर से भागने पर नाराज परिजनों ने बेटी की हत्या की
BOL PANIPAT : पानीपत के एक गांव में झूठी शान की खातिर ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां नाबालिग बेटी के घर से भागने पर नाराज परिजनों ने बेटी की हत्या कर दी व रातों-रात लड़की के शव का संस्कार भी कर दिया गया। यह सारा प्रकरण इतनी होशियारी से योजना बनाकर किया गया कि आसपड़ोस के लोगों को भी भनक नहीं लगी। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ स्थानीय लोगों को पुलिस द्वारा लड़की को बरामद कर परिजनों को सौंपे जाने के बाद लड़की कहीं भी नजर नहीं आयी। पड़ोसियों ने शक के आधार पर पुलिस को लड़की नजर न आने के बारे सूचित किया जिसके बाद मामले की जांच करते हुए पुलिस ने ऑनर किलिंग की गुत्थी को सुलझाया। मामले का खुलासा होने के बाद मृतक के पिता, दादी समेत 4 लोगों पर हत्या करने, सबूतों को खुर्द-बुर्द करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए ASP मयंक मिश्रा ने बताया कि कुछ समय पहले पानीपत के एक गावं की लड़की किसी लड़के के साथ घर छोड़कर चली गई थी। लड़का-लड़की के बीच प्रेम प्रसंग था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लड़की के नाबालिग होने के चलते उसे शेल्टर होम भेज दिया और लड़के को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कुछ दिनों बाद लड़की के परिजन उसे शेल्टर होम से वापस घर ले गए । बुधवार को पुलिस को सूत्रों के हवाले से पता चला कि लड़की गायब हो चुकी है। ASP ने अपने स्तर पर जांच को आगे बढ़ाते हुए लड़की से मिलने की बात की तो लड़की उन्हें नहीं मिली। जब लड़की के पिता से इस बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उसने खुदकुशी कर ली और उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया है।
जब गांव में जाकर पुलिस ने इस बारे में गहनता से पूछताछ की गई तो पता चला कि मरने के बाद उनके घर से रोने तक की आवाज नहीं आई और लड़की की दादी जगह-जगह कहती घूम रही है कि उसने जो करना था वह कर दिया।जिससे पुलिस का शक गहरा गया और सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि पिता ने अपनी मां और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर लड़की की चुनरी से गला घोंट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद रात 12 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।

Comments