Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


सामान्य अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डस्टबिन में पड़ा मिला मानव भ्रूण.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 19, 2024 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , : पानीपत  के सामान्य अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डस्टबिन में आज सुबह एक भ्रूण पड़ा मिला। इलाज कराने आए एक  मरीज के साथ आए तीमारदारों को वाटर कूलर के समीप पड़े एक डस्टबिन में मानव भ्रूण जैसी कोई चीज होने का शक हुआ।  इसकी सूचना तुरंत अस्पताल के अधिकारियों व डॉक्टरों को दी गयी । डॉक्टर ने मौके पर पहुंच कर डस्टबिन में मानव भ्रूण  होने की पुष्टि की तो मौके पर हड़कंप मच गया। मामले की सूचना अस्पताल के अधिकारियों व पुलिस को दी गयी।  सूचना मिलते ही अस्पताल के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल करने के बाद भ्रूण को वहां से उठाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे  हॉस्पिटल प्रशासन को सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ लोग मिले। जिन्होंने बताया कि उनका एक मरीज भर्ती है।  वाटर कूलर से पानी पीने आए थे। पानी पीने के बाद उनकी नजर डस्टबिन पर गयी तो लगा जैसे डस्टबिन में एक बच्चे जैसा भ्रूण पड़ा हुआ है।

मानव भ्रूण करीब 4 माह का था। उसके हाथ-पैर भी बने हुए थे। अस्पताल कर्मियों ने मानव भ्रूण को डस्टबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एक पट्टी में लपेट कर शवगृह में रखवाया। खबर लिखे जाने तक पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी खंगाल रही थी। 

मामले में खेद  प्रकट करते हुए ड्यूटी पर तैनात  डॉक्टर अमित पोरिया ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार कर देती हैं मगर ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिस पर खेद प्रकट किया जा सकता है। हो सकता है  घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई हो । पानीपत सामान्य अस्पताल का पूरा स्टाफ पुलिस का इस मामले में पूरा सहयोग करेगा ताकि जल्द से जल्द इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान हो सके और उन्हें पकड़ा जा सके. 

Comments