दुकान से नगदी चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार. 6 हजार रूपए बरामद.
BOL PANIPAT : 07 दिसम्बर 2023, सीआईए टू पुलिस टीम ने कच्चा कैंप में पनीर की दुकान से हजारों रूपए की नगदी चोरी करने के आरोपी को असंध रोड पर नहर पुल के नजदीक से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान टिंकू निवासी भालसी के रूप में हुई।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया की उनकी टीम को बुधवार देर शाम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक असंध नाका के नजदीक नहर पुल के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दंबिश देकर युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान टिंकू पुत्र राजबीर निवासी भालसी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी 1 दिसम्बर को दिन के समय कच्चा कैंप में पनीर की दुकान में घुसकर कुर्सी पर टंगे कोट की जेब से 13 हजार रूपए चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में सन्नी निवासी मतलौडा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
थाना पुराना औद्योगिक में सन्नी पुत्र अशोक निवासी मतलौडा ने शिकायत देकर बताया था कि उसने कच्चा कैंप में पनीर की होल सेल की दुकान की हुई है। 1 दिसम्बर को वह सेल के 90 हजार रूपए कोट की जेब में रखकर पनीर देने के लिए मतलौडा चला गया था। उसने कोट दुकान में ही रखा था। साय 5 बजे वापिस आकर देखा कोट की जेब में पैसे नही मिले। अज्ञात चोर दुकान में घूसकर कोट की जेब से उक्त पैसे चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी टिंकू ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने दुकान में चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने दुकान से चोरी किये 13 हजार रूपए में से 7 हजार रूपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी टिंकू के कब्जे से बचे 6 हजार रूपए बरामद कर पूछताछ के बाद वीरवार को आरोपी टिंकू को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments