Tuesday, February 10, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. महाविद्यालय के छात्र -छात्राओं ने मशरूम फार्मिंग और स्ट्रॉबेरी फार्मिंग का भ्रमण किया

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at February 22, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. महाविद्यालय के बी.एस सी. मेडिकल, बी.सी.ए. व बी.ए. के छात्र -छात्राओं ने जीव विज्ञान और इको-क्लब के संयोजन में गांव बजाना कलां, सोनीपत के मशरूम फार्मिंग और स्ट्रॉबेरी फार्मिंग का भ्रमण किया। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को इस भ्रमण से पहले सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का एक आयाम यह भी है कि हम आत्मनिर्भर होकर रोज़गार सृजन भी करें। इस तरह की उन्नत खेती करने वाले किसानों से हम अवश्य ही काफी कुछ सीख सकते हैं। भ्रमण के दौरान मशरूम फार्म में विद्यार्थियों ने जाना कि मशरूम एक तरह का पौधा है, जो वास्तव में फंगस है, पर इसमें प्रोटीन एवं पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, विशेषता विटामिन डी।

इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने यह समझा कि मशरूम की खेती करने के लिए आधारभूत पदार्थ यानि खाद कैसे बनाई जाती है। इसके लिए धान के भूसे या गोबर की खाद का उपयोग कर सकते हैं। पहले इन को कीटाणु रहित बनाना होता है, ताकि इसमें हानिकारक कीट और अशुद्धियां ना रहें। सरकार भी  मशरूम की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को कृषि विश्वविद्यालयों और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में मशरूम की खेती करने के लिए मास्टर ट्रेनिंग, मशरूम बीज उत्पादन की विधि एवं ज़रूरी तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध करवाती है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार उत्पादन लागत के लिए 40 प्रतिशत सब्सिडी भी देती है। बजाना कलां में  बटन मशरूम का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाता है। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों को स्ट्रौबरी फार्मिंग की भी जानकारी दी गई जिसमें प्रो. पवन कुमार द्वारा स्ट्रॉबेरी के अद्भुत फायदे भी बताए गए। जैसे कि स्ट्रॉबेरी डायबिटीज, हृदय रोग, कैंसर आदि विभिन्न बीमारियों के बचाव में कारगर होती है। स्ट्रॉबेरी में बहुत से पोषक तत्व होते हैं जो शरीर में कैंसर को जन्म देने वाली कोशिकाओं को नष्ट कर देते हैं और कैंसर को बढ़ने से रोकते हैं। स्ट्रॉबेरी ब्लड प्रेशर में भी कारगर है और आंखों के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने जानकारी देने वाले दोनों किसानों श्री हरपाल और श्री बलराज का धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के पूर्व छात्र लियाकत अली और लाइट हाउस इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक संदीप कुमार का अतुलनीय योगदान रहा। इस एक दिवसीय भ्रमण में लगभग 50 विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रो. अंजली गुप्ता, प्रो. अंजूश्री, प्रो. रजनी, प्रो. किरण भाटिया, प्रो. भावना एवं प्रो. मोनिका मौजूद रहे।

Comments