Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


यदि सत्तासीन लोग पानीपत की जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते तो उन्हें शहर छोड़कर कहीं ओर चले जाना चाहिए : विपुल शाह

By LALIT SHARMA , in Politics , at August 23, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : पानीपत में आज युवा कांग्रेस के द्वारा असंध रोड पर रिफ्लेक्टर टेप वाले संदेशवाहक बोर्ड लगाए गए। असंध रोड पर सड़क निर्माण व डिवाइडर लगने के पश्चात हो रहे हादसों के प्रति लोगों को सचेत करने के विषय में संदेशवाहक बोर्ड लगाए गए हैं। मॉडल टाउन छाबड़ा अस्पताल के नजदीक जहां पर असंध रोड का फ्लाईओवर खत्म होता है और डिवाइडर शुरू होता है वहां पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाए और उसके बाद संदेशवाहक बोर्ड लगाने का काम किया। कांग्रेस के युवा नेता विपुल शाह ने कहा कि पानीपत के सभी नेताओं और बड़े अधिकारियों ने कहा था कि असंध रोड का नवनिर्माण पानीपत का ड्रीम प्रोजेक्ट है। काफी समय पहले से यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया था परंतु अब तक भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ। जबकि प्रोजेक्ट पूरा होने की मियाद निकले काफी समय हो चुका है। उन्होंने कहा कि पानीपत में हर जगह हर गली मोहल्ले में सड़क व नाले टूटे पड़े हैं परंतु उनकी सुध कोई नहीं ले रहा।

उन्होंने कहा कि गोवंश का मुद्दा भी इस वक्त चर्चा में है क्योंकि कुछ दिन पहले ही पानीपत ने गो वंश से हुई दुर्घटना में एक बेटा खोया है। शहर के हर चौक चौराहे पर गोवंश नजर आ जाते हैं। सत्तासीन नेताओं को शीघ्र ही इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दो ढाई साल में असंध रोड के अधूरे निर्माण की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ नेता वरिंदर शाह (बुल्ले शाह) के निर्देशानुसार युवा कांग्रेस के द्वारा आज असंध रोड पर विभिन्न स्थानों पर रेडियम टेप वाले संदेशवाहक बोर्ड लगाए गए हैं ताकि लोगों को दुर्घटना से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि नेताओं ने वायदा किया था कि असन्ध रोड पर विशेष तौर पर मुंबई से डिजाइनर स्ट्रीट लाइट मंगवा कर लगाई जाएगी मगर लगता है कि स्ट्रीट लाइट रास्ते में ही गायब हो गई हैं। उन्होंने सत्तासीन नेताओं से अनुरोध किया कि जल्द से जल्द असंध रोड पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए ताकि आम आदमी के जान व माल की सुरक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि पानीपत की जन समस्याएं विकराल रूप ले रही हैं। जनप्रतिनिधि समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे ऐसे में हम सब का फर्ज बनता है कि जनहित के मुद्दों को जोरशोर से उठा कर उनका समाधान कराएं। उन्होंने कहा की असंध रोड पर स्ट्रीट लाइट व संदेशवाहक बोर्ड लगाने का मुद्दा राजनीतिक मुद्दा नहीं है सिर्फ जनता को हो रही असुविधा को लेकर व जनता की समस्या को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज संदेशवाहक बोर्ड लगाए गए हैं। ताकि आम जनता की आवाज सत्तासीन नेताओं के कानों तक पहुंचे वे उठे और अपना धर्म निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि सत्तासीन लोग हर रोज यह कहने लगे कि अफसर हमारी नहीं सुन रहे तो उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। यदि सत्तासीन लोग पानीपत की जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते तो उन्हें शहर छोड़कर कहीं और चले जाना चाहिए हम विपक्ष में बैठकर भी पानीपत क्षेत्र की समस्याओं को सुलझाने का दम रखते हैं।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के नेता अंशुल कक्कड़, माधव शर्मा, गगन सेठी, अश्वनी नम्बरदार, रचित जग्गा, आशु टुटेजा, अभिषेक तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments