Thursday, May 28, 2026
Newspaper and Magzine


इग्नू की सत्रांत परीक्षाएं 01 जून से होंगी शुरू : डॉ. धर्म पाल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE EDUCATIONAL , at May 28, 2026 Tags: , , , ,

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के अंतर्गत 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए : डॉ. धर्म पाल

BOL PANIPAT : करनाल, 28 मई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून-जुलाई 2026 सत्रांत परीक्षाएं पूरे भारतवर्ष में 01 जून 2026 से प्रारंभ होकर 21 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने दी।

डॉ. धर्म पाल ने बताया कि हरियाणा के भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत एवं रोहतक जिलों में इग्नू द्वारा कुल 37 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 12 परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जून-जुलाई माह में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में पूरे हरियाणा से कुल 3,72,484 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि जेलों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,248 कैदी परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे।

आगामी परीक्षाओं के संचालन के लिए शहर में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। पहला केंद्र पीकेजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, Madlauda, पानीपत में बनाया गया है, जबकि दूसरा गवर्नमेंट कॉलेज, पानीपत में स्थापित किया गया है। ये दोनों केंद्र परीक्षा की सुविधाओं का सुगम और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करेंगे।। इग्नू की परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होंगी। प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 02 बजे से शाम 05 बजे तक रहेगा।डॉ. धर्म पाल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं के व्यवस्थित एवं सुचारु संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल की ओर से सभी परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध करवाई गईं।

उन्होंने बताया कि इग्नू द्वारा हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। विद्यार्थी वेबसाइट से अपने हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों को अपना एनरोलमेंट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है अथवा जिन्होंने इसे डाउनलोड नहीं किया है, वे समर्थ पोर्टल पर जाकर अपनी यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से अपना एनरोलमेंट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

Comments


Leave a Reply