Tuesday, September 1, 2026
Newspaper and Magzine


अवैध हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 1, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 01 सितंबर : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सीआईए थ्री पुलिस टीम ने अवैध असला सप्लाई करने वाले आरोपी को सोमवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव भूरा निवासी मनव्वर के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम ने बीते बुधवार को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चुलकाना गांव निवासी आरोपी मनोज को चोटाला रोड पर पावर हाउस के पास से 5 देसी पिस्तौल व 10 जिंदा रौंद सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी मनोज ने उक्त अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव भूरा निवासी मनव्वर से कई महीने पहले 90 हजार रुपये में खरीदकर लाना स्वीकारा था।
आरोपी मनोज ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि गांव में उसकी रंजिश चल रही है। वह हत्या के एक मामले में जेल में बंद था और वर्ष 2023 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। रंजिश के चलते वह मनव्वर से अवैध हथियार खरीदकर लाया था। पुलिस ने थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपी मनोज को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने अवैध असला सप्लायर आरोपी मनव्वर की धरपकड़ के प्रयास शुरू किए।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी मनव्वर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी मनव्वर ने आरोपी मनोज को उक्त अवैध हथियार बेचना स्वीकार किया। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया वह वर्ष 2018 में लूट के एक मामले में करनाल जेल में बंद था। मनोज निवासी चुलकाना भी किसी अन्य मामले में उसी दौरान जेल में बंद था। जेल में दोनों की दोस्ती हो गई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोपी मनव्वर ने पूछताछ में बताया करीब छह महीने पहले मनोज ने उससे अवैध हथियार खरीदने की बात कही थी। इसके बाद उसने 70 हजार रुपये में उक्त अवैध हथियार खरीदे और मनोज को 90 हजार रुपये में बेच दिए।
पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद मंगलवार को आरोपी मनव्वर को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ अवैध असला सप्लाई गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply