सीईटी की परीक्षा के संबंध में जिला पानीपत पुलिस ने पूरी तरह तैयारी की .
BOL PANIPAT : 05 नवम्बर 2022, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संदीप कुमार ने बताया कि सीईटी की परीक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखने के लिए हर तरह के संभंव प्रयास किए गए हैं। जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर करीब 70 हजार अभ्यार्थी 5 व 6 नवंबर को परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े, इसके लिए जिला पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने इस संबंध में सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों व थाना प्रंबंधकों को विशेष रुप से दिशा-निर्देश दिए हैं। 500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सीईटी परीक्षा के मद्देनजर तैनात किया गया है। जिसमें से करीब 300 पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में सीईटी की परीक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर अस्थाई फेरबदल किए गए हैं। जिसमें मुख्यत: गुरुग्राम, सोनीपत की तरफ से परीक्षार्थियों को लेकर आ रही बसों को एलिवेटिड फ्लाईओवर के ऊपर से होते हुए नेशनल हाइवे जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास से यू-टर्न लेकर राधा स्वामी सत्संग घर मार्ग से होते हुए सेक्टर 13-17 हेलीपेड पर परीक्षा के मद्देनजर बने अस्थाई बस टर्मिनल पर पहुंचाया जा रहा है। यहां से सिटी बसों एवं अन्य सुगम साधनों से अभ्यार्थियों परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे है। इसी तरह झज्जर, रोहतक, गोहाना की ओर से अभ्यार्थियों को लेकर आ रही बसों को डाहर बाइपास से होते हुए नांगलखेड़ी के पास से एलिवेटिड हाइवे से होते हुए अस्थाई बस टर्मिनल तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, हिसार, जींद, सफीदों की ओर से अभ्यार्थियों को लेकर आ रही बसों को असंध नाका के पास से सुनिश्चित मार्गों से होते हुए अस्थाई बस टर्मिनल तक पहुंचाया जा रहा है। इसी प्रकार करनाल की ओर से अभ्यार्थियों को ला रही बसों को टोल-प्लाजा के पास से सुनिश्चित मार्ग से अस्थाई बस टर्मिनल तक ले जाया जा रहा है। यहा से उक्त बसों का वापिसी का समय भी निर्धारित किया गया है, ताकि वापिसी के समय किसी भी अभ्यार्थी को उनके गंतव्य तक वापिस जाने तक कोई असुविधा ना हो।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संदीप कुमार ने बताया कि नांगलखेड़ी, डाहर गोल चक्कर बाइपास, देशवाल चौक, असंध नाका, सेक्टर 13-17 कट पर नाकाबंदी कर वाहन चालकों को उनके गंतव्य तक का मार्ग बताने सहित यातायात व्यव्स्था को सुचारू रखा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यातायात व कानून व्यवस्था को बनाए रखने में जिला पुलिस का सहयोग करें। अभ्यार्थियों को जिले में जाम की स्थिति का सामान ना करना पड़े, इसके लिए जिला वासियों से यह भी अपील है कि वे इस दौरान शहर सहित अन्य मुख्य मार्गों पर अति आवश्यक होने पर ही वाहन लेकर निकलें।

Comments