Monday, July 27, 2026
Newspaper and Magzine


सतत विकास लक्ष्य में हमने अपने जिला के सूचकांक को ऊपर ले कर जाना है: डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 17, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 17 सितंबर।शिक्षा विभाग के जिले के अधिकारी उन सभी निजी स्कूलों की लिस्ट तैयार करें जो प्रदेश सरकार की हिदायतों की पालना नहीं करते हैं। यही नहीं सरकारी स्कूलों के उन अध्यापकों की लिस्ट भी तैयार की जाएगी जिनका परिणाम अच्छा नहीं रहा है। इन सबको जिला प्रशासन कारण बताओ नोटिस जारी करेगा। यह निर्देश डीसी सुशील सारवान ने शनिवार को लघु सचिवालय में हरियाणा सतत विकास लक्ष्य सूचकांक से संबंधित बैठक में जिले के शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए।
         उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं को लागू करने में सभी अध्यापकों की मुख्य रूप से भूमिका रहती है, इसलिए जो अध्यापक अच्छा परिणाम नहीं दे पा रहे जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से उनके लिस्ट तैयार की जाए इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि प्राय देखने में आया है कि निजी स्कूल सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना नहीं करते और उनकी अवहेलना करते हैं। ऐसे सभी निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके लिए भी लिस्ट तैयार की जाए और जिला प्रशासन को सौंपी जाए।    
            उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्य में हमने अपने जिला के सूचकांक को ऊपर ले कर जाना है। डीसी ने कहा कि शिक्षा विभाग ऐसे रिटायर्ड अध्यापकों की लिस्ट भी तैयार करें जो स्वैच्छिक रूप से बच्चों को पढ़ाने में अपना योगदान देना चाहते हैं और स्कूलों में ग्रामीण स्तर पर स्कूल टाइम के बाद एक्स्ट्रा क्लास लगाएं ताकि बच्चों का भविष्य संवारा जा सके। हर 15 दिन में एसडीएम स्तर पर शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित होगी और उसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जाएगी।
          उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बच्चों की शिक्षा पर बहुत बड़ा असर पड़ा है इसलिए ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा दाखिल करवाने के लिए उन्हें प्रेरित करें, साथ ही साथ उनके अभिभावकों को भी प्रेरित करें।
        डीसी सुशील सारवान ने सीएमओ डॉक्टर जयंत आहूजा द्वारा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं पर दी गई प्रस्तुति पर बोलते हुए कहा कि शीघ्र ही जिला प्रशासन सभी विभागाध्यक्षों को आदेश जारी करेगा कि वह सभी सीएचसी और पीएचसी में जाकर 16 साल से नीचे के बच्चों के टीकाकरण अभियान की पूरी जानकारी लें कि कितना प्रतिशत टीकाकरण किया जा चुका है।
        सीएमओ डॉक्टर जयंत आहूजा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से शिशु का भार और उनकी ऊंचाई का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जाना है जोकि वर्तमान में 28.8 प्रतिशत है इसलिए इस डाटा को जल्द से जल्द उपलब्ध करवाएं ताकि सूचकांक में वृद्धि हो सके।  
           उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त करने के लिए आयरन की गोलियां विभाग की ओर से समय समय पर दी जा रही है। इसके लिए विशेष अभियान भी चलाए जाते हैं। जिला में सभी 15 डिलीवरी प्वाइंट शुरू किए जा चुके हैं जहां पर महिलाओं को डिलीवरी की सुविधा प्रदान की गई है।
     बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी प्रवीण कुमारी ने विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उपायुक्त को अपनी रिपोर्ट दी। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में विभाग द्वारा जो पोषण अभियान चलाया गया है उसमें शिक्षा विभाग की ओर से एक महिला अध्यापक भी जोड़ दें और सभी महिला अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा के साथ इस पोषण अभियान पर चर्चा कर अपनी रिपोर्ट उनको दे दे।
     बैठक में ग्रामीण विकास से संबंधित रिपोर्ट पर बोलते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चौधरी ने मनरेगा योजना के तहत बताते हुए बताया कि जिला में 9388 परिवारों के 12999 व्यक्तियों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध करवाया गया है पूरे भारतवर्ष में हरियाणा में ?332 प्रतिदिन की दर से मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है जोकि साल में 100 दिन का रोजगार देना सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ साथ अमृत सरोवर तालाब योजना के तहत जिला में विभिन्न अमृत सरोवरों का निर्माण करवाया गया है भविष्य में इन सभी की पगडंडियां पक्की कर दी जाएंगी ताकि लोग उन पर आराम से घूम फिर सके।
          उन्होंने बताया कि विशेष योजना के तहत जिला के गांव खोतपुरा में 20 एकड़ गैर कृषि योग्य भूमि जो कि कृषि योग्य नहीं थी और ऊपर खबर थी उसको ठीक करके उसे अच्छी बोली पर दिया गया है जिससे पंचायत की आमदनी भी होगी। इस तरह का प्रयोग बडोली गांव में भी किया जा रहा है और यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के तहत ली गई है। यही नहीं विभिन्न गांव में बने हुए तालाबों में मनरेगा के तहत जल-खुंबियो को हटाने का भी काम किया गया है जिससे गांव के तालाब साफ हुए हैं।
 बैठक में वन,खाद्य आपूर्ति, इंडस्ट्री, एमएसएमई, श्रम,जनस्वास्थ्य व अन्य कई विभागों की समीक्षा भी की गई। डीसी सुशील सारवान ने जोर देकर कहा कि अधिकारी मन लगाकर सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाएं। इस मौके पर एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल,सीटीएम राजेश सोनी के अलावा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

Comments