स्वतंत्रता दिवस : शिवाजी स्टेडियम के मैदान में की गई कार्यक्रमों की फाईनल रिहर्सल.
BOL PANIPAT : 13 अगस्त। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त वीरवार को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह शिवाजी स्टेडियम के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह मेंं प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की फाईनल रिहर्सल उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के दिशानिर्देशन में मंगलवार को शिवाजी स्टेडियम के मैदान में की गई। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने सबसे पहले जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित की व उसके पश्चात फाईनल रिहर्सल अवलोकन किया और उन्होंने समारोह को भव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह में उद्योग मंत्री मूलचंद शर्मा बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे और प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने फाईनल रिर्हसल में अपनी प्रस्तुति दी। इसके अलावा पुलिस परेड, एनसीसी और स्काउट एण्ड गाईड के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न कार्यक्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पी0टी0शो व अन्य कार्यक्रम की फाईनल रिहर्सल भी की गई।
मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गुरू ब्रहमानंद स्कूल का योगा, एसडीवीएम सिटी का म से माता म से माटी, एस.डी. इंटरनेशनल स्कूल का भंगड़ा रंगला पंजाब, जी.वी.एम. स्कूल का हर घर तिरंगा, जी.डी. गोयंका स्कूल का इक तेरा नाम है साचा, गुरू रामदास स्कूल का भंगड़ा मेरा देश पंजाब, बाल विकास स्कूल का ग्रुप डांस लक्ष्मी बाई, गर्वमेंट गल्र्ज सी. सैकेण्डरी स्कूल का थारै आणे तै बढ़ गया मान म्हारे हरियाणे का, दयाल सिंह स्कूल का नेशनल एंथम होगा। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सभी पुलिस अधिकारियों को अच्छी तरह से परेड में शामिल होने और डयूटी में कोताही न बरतने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने सभी टीमों के इंचार्ज को कहा कि वे मुख्य समारोह के दिन सुबह प्रात: ठीक 8:00 बजे अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को भी समय पर पहुंचकर अपनी डयुटी सही समय पर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीटीएम टिनू पोशवाल, एसडीएम मनदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा के अलावा जिले के विभिन्न विभागों के गणमान्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments