इनरव्हील पानीपत मिडटाउन द्वारा सिविल अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान एवं गर्भवती और नवप्रसूता माताओं को वितरित किया गया प्रोटीन पाउडर
BOL PANIPAT : विश्व स्तनपान जागरूकता माह के अवसर पर ‘इनरह्वील पानीपत मिडटाउन’ द्वारा सिविल अस्पताल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और नर्सों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान ‘मातृ एवं शिशु पोषण पहल’ के तहत गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को प्रोटीन पाउडर भी वितरित किया गया।
इस दोहरी पहल का उद्देश्य एक ओर जहां समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन करना था, वहीं दूसरी ओर माताओं को संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्तनपान की प्रक्रिया को पोषणपूर्ण बनाए रखने में सहयोग देना भी था।
‘पानीपत मिडटाउन’ की प्रधान रूपाली चोपड़ा ने इस अवसर पर कहा, “अगस्त माह को विश्व स्तर पर स्तनपान जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। 1 से 7 अगस्त तक मनाया जाने वाला विश्व स्तनपान सप्ताह नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए माँ के दूध की भूमिका को रेखांकित करता है। हमारे स्वास्थ्यकर्मी इस दिशा में जो समर्पण दिखा रहे हैं, वह प्रशंसा योग्य है और हम उनका हार्दिक सम्मान करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है, जो न केवल पोषण देता है, बल्कि रोगों से लड़ने की क्षमता भी प्रदान करता है। इस दौरान क्लब की सदस्य नीतू छाबड़ा, प्रियंका दुआ और पिंकी सैनी भी उपस्थित रहीं और उन्होंने गर्भवती महिलाओं से संवाद कर उन्हें जागरूक किया।
सिविल अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत लोगों को सम्मानित करते हैं, बल्कि समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने बताया कि स्तनपान से न केवल शिशु को लाभ होता है, बल्कि माँ को भी दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होते हैं।
सभी ने एकमत होकर इस बात पर बल दिया कि मातृत्व को सशक्त बनाने और शिशु के उज्जवल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास निरंतर होने चाहिए।
यह जानकारी क्लब संपादिका श्वेता मिगलानी द्वारा दी गई।

Comments