अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का जन आंदोलन: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज
15 जून से शुरू होंगे विशेष कार्यक्रम
16 जून से 18 जून तक जिला स्तर पर तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर
BOL PANIPAT , 29 मई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को सफल एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की तथा विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि योग दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का जन आंदोलन है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि 15 जून को जिला स्तर पर योग मैराथन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस योगा-मैराथन में स्कूल, कॉलेज, गुरुकुल, विश्वविद्यालय, आमजन, योग संस्थान, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट्स एवं गाइड्स भाग लेंगे। स्कूली बच्चे हाथों में योग स्लोगन लिखे बैनर एवं तख्तियां लेकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेंगे। योग मैराथन का मार्ग जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किया जाएगा। 16 जून से 18 जून तक जिला स्तर पर तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, निर्वाचित सदस्य, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट कैडेट, नेहरू युवा केंद्र स्टाफ एवं इच्छुक आमजन भाग लेंगे। प्रशिक्षण संबंधित जिले के आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों, आयुष योग सहायकों, योग समितियों के योग शिक्षकों तथा खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। 19 जून को प्रत्येक जिले में योग संगोष्ठी एवं सेमीनार आयोजित किए जाएंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी आयुष विश्वविद्यालय एवं मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग के सहयोग से योग एवं रिसर्च विषय पर आयुष एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इन कार्यक्रमों में योग के वैज्ञानिक महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। 20 जून को प्रात: 7 बजे से 8 बजे तक सभी जिलों में मुख्य कार्यक्रम के लिए पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसके बाद 21 जून को प्रात: 7 बजे से 8 बजे तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। विकास एवं पंचायत विभाग को गांव-गांव तक योग पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया है। परिवहन विभाग प्रतिभागियों के लिए परिवहन व्यवस्था करेगा। पर्यटन विभाग विशिष्ट अतिथियों के ठहरने एवं आतिथ्य की व्यवस्था करेगा। पुलिस विभाग सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करेगा। खेल विभाग खिलाडिय़ों की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। शिक्षा विभाग स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों एवं स्टाफ की सहभागिता सुनिश्चित करेगा, जबकि स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थलों पर एंबुलेंस, मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। प्रतिभागियों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटइंटरनेशनलयोगाडेएचआरवाईडॉटइन (www.internationalyogadayhry.in) भी तैयार किया गया है, जहां इच्छुक नागरिक अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि लोग स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि कार्यक्रम सफल एवं प्रभावशाली ढंग से आयोजित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और वर्तमान समय में स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन गांव-गांव तक योग का संदेश पहुंचाने एवं आमजन को इस अभियान से जोडऩे के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इस मौके पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी राज कपूर, जिला प्रबंधक महिपाल बंसल, कोच महिपाल के अलावा जिला कॉर्डिनेटर योगेश मौजूद रहे।

Comments