Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर बना उम्मीद की नई किरण, हर शिकायत का होगा तय समय में समाधान: उपायुक्त डॉ. विरेंदर दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 6, 2026 Tags: , , , , ,

शिकायतकर्ता की शिकायत पर होगी ठोस कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

समाधान शिविर में दर्ज 23 शिकायतें का होगा समाधान

BOL PANIPAT , 6 अप्रैल। हरियाणा सरकार द्वारा सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए भरोसे और उम्मीद का सशक्त मंच बनते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह के मार्गदर्शन और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के नेतृत्व में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही स्पष्ट रूप से देखने को मिली। शिविर में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही सख्त, स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता है। हमारा लक्ष्य है कि हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में हो और लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। हम प्रशासन को और अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित राहत देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सोमवार को आयोजित शिविर में कुल 23 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें फैमिली आईडी में आय संशोधन, वृद्धावस्था एवं विकलांगता पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड, और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। शिविर में पहुंचे प्रार्थियों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। दीपक नामक प्रार्थी ने विकलांगता पेंशन बनवाने के लिए आवेदन किया। वहीं मूर्ति देवी ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने की मांग रखते हुए बताया कि राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थी यशपाल मलिक ने सचिवालय परिसर में लगे पेड़-पौधों की देखभाल को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी। इसी तरह सोमनाथ ने धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठने का मामला उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की। एक अन्य शिकायतकर्ता ने फैमिली आईडी में इनकम कम करवाने के लिए प्रशासन से सहायता अनुरोध किया। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने तुरंत संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क और गंभीर है। चोरी, धोखाधड़ी, अवैध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े हर मामले में तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हर पीडि़त को न्याय मिले और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।

एसडीएम मनदीप ने  शिविर के दौरान कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं को समझता है और उनके समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा, जिससे लोगों को वास्तविक राहत मिल सके। इस अवसर पर सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन कृष्ण आर्य, सुरेंद्र जोगी, डीएसपी सतीश वत्स, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, कृषि विभाग के कार्यकारी अभियंता सुधीर,डॉक्टर प्रज्ञा ईएसई, पुलिस  कंप्लेंड अधिकारी सुरेश सरोहा, संजीव शर्मा, जोगिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतें और पारदर्शिता बनाए रखें।

विदित रहे कि जनता समाधान शिविर अब प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनता जा रहा है। यह पहल न केवल लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी स्थापित कर रही है। यह शिविर सुशासन की उस सोच को साकार करता नजर आया, जिसमें हर नागरिक को सम्मान, सुनवाई और समय पर न्याय मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है।

Comments


Leave a Reply