Monday, July 20, 2026
Newspaper and Magzine


देश में ज्यादा से ज्यादा विकास करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए पत्रकारिता बहुत जरूरी है : मनमोहन भड़ाना

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 20, 2026 Tags: , , , , , ,

समाज में पारदर्शिता लाने के लिए सभी पत्रकार अच्छी छवि और ईमानदारी से करें पत्रकारिता : प्रवीण अत्रे

BOL PANIPAT : 19 जुलाई। देश में ज्यादा से ज्यादा विकास करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए पत्रकारिता बहुत जरूरी है, इसलिए जितने भी साथी इस प्रोफेशन से जुड़े हैं, वह निष्पक्ष और निस्वार्थ भाव से पत्रकारिता करें तो समाज और देश विकास की रफ्तार को पकड़ेगा।
उक्त बातें विधायक मनमोहन भड़ाना ने हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के द्वारा आयोजित किए गए पत्रकार सम्मेलन और पॉलिसी वितरण समारोह में उपस्थिति काफी संख्या में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मनमोहन भड़ाना ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रेस सचिव प्रवीण अत्रे ने मुख्य रूप से शिरकत की।सभी मेहमानों के द्वारा यहां पर दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी मेहमानों के द्वारा यहां पर पत्रकारों को पॉलिसी वितरित की गई।

इससे पहले हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के अध्यक्ष आर.पी. वशिष्ठ, जिला प्रधान दीपक शर्मा, उपप्रधान अली मेहर, सचिव बलराज, अशोक शर्मा, आनंद कौशिक और यूनियन के अन्य पदाधिकारी के द्वारा सभी मेहमानों का फूलों के गुलदस्ते देकर स्वागत किया गया और उन्हें चादर ओढ़ाने के साथ-साथ स्मृति चिन्ह देकर भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनमोहन भड़ाना ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र एक बहुत ही कठिन परिस्थितियों से गुजर कर समाज की सेवा करने जैसा है। उन्होंने कहा कि हर पत्रकार को चाहिए कि वह अपनी कलम को निष्पक्षता से चलाने का काम करें, क्योंकि जो पत्रकार निष्पक्षता से कलम को चलाकर समाज और राष्ट्र के लिए समाचार प्रकाशित करता है, तो निश्चित रूप से सही मायने में वह समाज और देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार के द्वारा विभिन्न कदम उठाने चाहिए, क्योंकि पत्रकार किन परिस्थितियों से गुजर कर समाचार एकत्रित करता है और उन्हें प्रकाशित करवाता है।

मनमोहन भड़ाना ने कहा कि कुल मिलाकर पत्रकारिता एक व्यवसाय नहीं बल्कि समाज सेवा का एक बहुत बड़ा हिस्सा है, इसलिए जितने भी साथी इस फील्ड में काम कर रहे हैं वह अच्छे और ईमानदारी तरीके से करें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रेस सचिव प्रवीण अत्रे ने भी पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जितने भी साथी पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं वह एक ऐसा काम कर रहे हैं जो दूध का दूध और पानी का पानी करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में जितने भी विकास कार्य किए जाते हैं, उनको करवाने के लिए जो भी अधिकारी और ठेकेदार काम कर रहे हैं वह विकास कार्य के पैसे को 100 प्रतिशत अच्छी तरह से प्रयोग करें, इसको लेकर हर पत्रकार अपनी जिम्मेवारी को हम तरीके से निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार अपने क्षेत्र में काम करने के लिए चलता है तो निश्चित रूप से वह किसी एक घर और परिवार का सदस्य नहीं वह सर्व समाज का सदस्य हो जाता है, क्योंकि अगर पत्रकार ईमानदारी और निष्पक्षता से काम नहीं करेंगे तो निश्चित रूप से समाज आगे नहीं बढ़ सकता।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की सोच है कि वह सभी पत्रकारों को बहुत अच्छे तरीके से सम्मान दें और उनकी जितनी भी समस्याएं और मांग हैं उन समस्याओं का निवारण करने के साथ-साथ उनकी मांगों को भी पूरा करने का काम करें।

इस अवसर पर हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट की ओर से समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना के माध्यम से मुख्यमंत्री से विभिन्न मांगे मानने के लिए एक ज्ञापन भी दिया गया, जिसमें सरकार की ओर से सभी पत्रकारों की 20 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी करवाई जाए, पत्रकारों की पेंशन की उम्र 60 वर्ष से कम करके 55 वर्ष की जाए, पत्रकारों की एक्रीडिटेशन करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और पत्रकारों को ई.एस.आई. कार्ड लागू करने और हुड्डा के प्लाटों में भी आवंटित करने में पत्रकारों को वरीयता के आधार पर प्लाट उपलब्ध करवाए जाएं। सेवानिवृत्ति पत्रकारों की पेंशन 31 हजार रुपए की जाए। पत्रकारों के साथ किसी भी घटना घटित होने और पत्रकार पर हमला करने वाले व्यक्ति के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने का प्रावधान बनाया जाए। राजस्थान की तर्ज पर पत्रकारों के इलाज के लिए 10 लाख की कैशलेस पॉलिसी उपलब्ध करवाई जाए, पत्रकारों के बच्चों के लिए सरकारी नौकरी और निजी स्कूलों में तीन प्रतिशत का कोटा भी लागू करवाया जाए।

मांग पत्र में यह भी कहा गया कि 20 वर्ष पूरे करने वाले पत्रकार को उसकी मृत्यु के बाद उसके क्षेत्र में उसके नाम से कोई ना कोई यादगार स्थान बनवाया जाए, जो मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं उन पत्रकारों का हरियाणा प्रदेश में टोल माफ किया जाए, इसके अलावा मान्यता प्राप्त पत्रकारों की रेलवे में यात्रा करने की 50 प्रतिशत दी जा रही छूट वर्ष 2021 कोरोना काल से छूट बंद कर दी गई थी, इसलिए उस छूट को तुरंत प्रभाव से बहाल करवाया जाए, ताकि पत्रकारों को रेल सुविधा करने में कोई भी परेशानी ना हो।

इस अवसर पर आनंद कौशिक, जोगेंद्र त्यागी, हैप्पी बुद्धिराजा, आकाश, संदीप, कुलदीप आर्य, जयकुमार, पुरुषोत्तम शर्मा, राकेश शर्मा, कमल किशोर, विनोद पांचाल, राममेहर कौशिक, संजीव शर्मा व विकास चौधरी के अलावा पानीपत, सोनीपत, इसराना, बापौली, सनौली समालखा व अन्य जगहों से भी काफी संख्या में विभिन्न समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकार आए हुए थे।

Comments


Leave a Reply