Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


जूनियर रेडक्रास शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम: एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at December 16, 2025 Tags: , , , , ,

-पाँच दिवसीय जूनियर रेडक्रास शिविर संपन्न, 120 से अधिक प्रतिभागी सम्मानित

BOL PANIPAT , 16 दिसंबर। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाल बत्ती में आयोजित पाँच दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। समापन समारोह में एसडीएम मनदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा 19 विद्यालयों से आए 120 से अधिक प्रतिभागियों, रेडक्रास काउंसलरों एवं स्टाफ सदस्यों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

यह शिविर भारतीय रेडक्रास सोसायटी, पानीपत द्वारा उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रास सोसायटी डा. विरेंद्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन तथा राज्य शाखा चंडीगढ़ के निर्देशानुसार 12 दिसंबर से आयोजित किया गया था।

एसडीएम ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रास द्वारा आयोजित ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। शिविर के दौरान नशामुक्ति, प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, बाल अधिकार, पोक्सो एक्ट, स्वैच्छिक रक्तदान, बुजुर्गों का सम्मान, पौधारोपण, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर दी गई जानकारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं और उनमें निःस्वार्थ सेवा, संवेदनशीलता व सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि शिविर में प्राप्त ज्ञान को अपने विद्यालयों, मित्रों व परिवार तक पहुँचाकर समाज में जागरूकता फैलाएँ।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डीईओ राकेश बूरा ने रेडक्रास द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करने के प्रयासों की सराहना करते हुए शिविर के सफल आयोजन पर बधाई दी।

शिविर निदेशक एवं जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेश चन्द ने शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रेडक्रास द्वारा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए निरंतर जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, काउंसलरों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन डा. सुनील कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य संदीप शर्मा, जिला जे.आर.सी. कोऑर्डिनेटर मीना कुमारी, रेडक्रास स्टाफ, काउंसलर व अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments