महर्षि वाल्मीकि का जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक: महीपाल ढांडा विधायक
-महर्षि वाल्मीकि जयंती पर ग्रामीण हलके में अनेकों स्थानों पर किया गया अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन
-पार्षद संजीव दहिया के वार्ड में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर लगाया गया रक्तदान शिविर
BOL PANIPAT ,9 अक्तूबर। पानीपत ग्रामीण हलके में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी कार्यक्रमों में पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा ने पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर लोगों के सुख समृद्धि की कामना की। विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा लिखी गई रामायण को सबसे प्राचीन ग्रंथ माना जाता है और रामायण की रचना से ही महर्षि वाल्मीकि को भारत ही नहीं विश्व में आदि कवि के नाम से जाना जाता है। उनकी रामायण कृति में एक आदर्श मनुष्य व एक आदर्श समाज को प्रस्तुत किया गया है, इसलिये हमें उनसे प्रेरणा लेकर देश व समाज हित में कार्य करना चाहिये। पानीपत ग्रामीण हलके के गांव आसन कलां, बडौली, अजीजुलापुर, खोतपुरा व बिचपडी आदि में
महर्षि वाल्मीकि जयंती संबंधित स्थलों व मंदिरों आदि में दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही रामायण का पाठ व हवन करके मनाई गई।

वहीं पार्षद संजीव दहिया के वार्ड में जाटल रोड स्थित शौंदापुर कालोनी में एलएसबीटी स्कूल वाली गली में वाल्मीकि शिक्षा प्रचार समिति द्वारा रेडक्रास के सहयोग से थैलेसेमिया पीडि़त बच्चों के लिये रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 22 लोगों ने रक्तदान किया। विधायक महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि रक्तदान शिविर का शुभारंभ रक्तदाताओं को बैज लगाकर किया। विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर रक्तदान शिविर लगाना सराहनीय कार्य है। इस मौके पर पार्षद संजीव दहिया, प्रेम बडौली,विनोद चंदेल, ऋषि वाल्मीकि, कर्म सिंह, अजय वाल्मीकि आदि मौजूद रहे। वहीं रक्तदान शिविर में रेडक्रास ब्लक बैंक इंचार्ज डा. पूजा सिंघल, पार्षद संजीव दहिया, नरेंद्र गुप्ता, सतपाल, राजकुमार व रवि कुमार आदि मौजूद रहे।

Comments