सडी पीजी कॉलेज में जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट इवेंट फिनाले का लाइव प्रसारण
प्राचार्य, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने लिया सक्रीयता के साथ भाग
जी-20 की सफलता ने प्रत्येक भारतीय के आत्मविश्वास को नई दिशा और विस्तार दिया है: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT :26 सितम्बर, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट इवेंट फिनाले के लाइव प्रसारण में सक्रीय हिस्सा लिया और माननीय प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी और जी-20 सम्मेलन को सफल बनाने वाले अधिकारीयों एवं विशेषज्ञों के विचारों को ध्यान से सुना. विदित रहे कि जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट पहल भारत के युवाओं के बीच भारत की जी-20 प्रेसीडेंसी की समझ बनाने और विभिन्न जी-20 आयोजनों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है. आज आयोजित कार्यक्रम में संपूर्ण देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कॉलेज प्राचार्यों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने ऑफ लाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यम से हिस्सा लिया और अपने ज्ञान का विस्तार किया. भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के बारे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके है कि पिछले एक वर्ष में जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट कार्यक्रम भारत की युवा शक्ति को एक साथ ले लाया है. वर्ष भर चली यह पहल अविश्वसनीय रूप से संतुष्टिदायक और लाभदायक साबित हुई है और इसके अत्यंत संतोषजनक परिणाम हासिल हुए है. इसने दुनिया को दिखाया है कि कैसे हमारे युवा जीवंत सांस्कृतिक दूत के रूप में उभरे हैं और इन्होनें जी-20 बिरादरी के साथ स्थायी संबंध मजबूत किए हैं. इस कार्यक्रम में विशेष रूप से विश्वविद्यालय के छात्रों और युवा पेशेवरों को आमंत्रित किया गया है जो आगे की शिक्षा प्राप्त करना चाहते है. जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट फिनाले प्रतिष्ठित भारत मंडपम में हुआ और यह वही स्थान है जहाँ कुछ दिन पहले विश्व के प्रतिष्ठित नेता जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए एकत्रित हुए थे. जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट फिनाले से युवाओं को भारत की जी-20 अध्यक्षता के बारे में और अधिक जानने का अवसर मिला तथा जिन मुद्दों पर हमारे देश ने दुनिया का ध्यान केंद्रित किया है एवं वैश्विक समुदाय की भावना जगाई है उन्हें भी समझने का अवसर युवाओं को मिला है. जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट पहल में उच्च शिक्षा संस्थानों की व्यापक भागीदारी हुई है. जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट इवेंट के लाइव प्रसारण को कॉलेज ऑडिटोरियम में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया जिसे स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों के साल मिलकर ध्यान से देखा-सुना.

डॉ अनुपम अरोड़ा ने बताया कि जी-20 20 देशों का एक समूह है. ये देश वर्ष एक बार एक सम्मेलन के लिए इकट्ठा होते हैं और दुनियाभर के आर्थिक मुद्दों के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, भ्रष्टाचार-विरोध और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हैं. जो देश इस सम्मेलन की अध्यक्षता करता है उसका प्रमुख कार्य किसी विषय विशेष के प्रति सभी देशों के बीच आम सहमति बनाना होता है और इस दायित्व को इस वर्ष के अध्यक्ष प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने कुशलता के साथ निभाया है. इस बार के घोषणापत्र में घोषणा की गई कि सभी देश आर्थिक विकास एवं पर्यावरण की क्षति के मध्य संतुलित जलवायु एजेंडे के साथ धरती की सुंदरता एवं जीवन की गरिमा सुनिश्चित करेंगे. घोषणापत्र में डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने के साथ ही प्रौद्योगिकी की समावेशी भूमिका पर भी बल दिया गया है. देश के यशस्वी, ऊर्जावान एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में इस सम्मेलन ने नई बुलंदियों को छुआ. भारत की कूटनीतिक सफलता का ही परिणाम है कि सभी सदस्य देशों द्वारा दिल्ली घोषणा पत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया एवं विश्व की 85 प्रतिशत जीडीपी वाले अफ्रीकन यूनियन के G-20 समूह में प्रवेश सहित ग्लोबल साउथ की आवश्यकताओं पर ध्यान देने पर भी सहमति बनी. पिछले कुछ वर्षों के घटनाक्रम एवं भविष्य की राह की दृष्टि और व्यापक मानवतावादी वैश्विक दृष्टिकोण के कारण इस घोषणापत्र की प्रासंगिकता अत्यधिक बढ़ जाती है.
कार्यक्रम में डॉ नवीन गोयल, प्रो राकेश सिंगला, प्रो पवन सिंगला, डॉ मुकेश पुनिया, डॉ एसके वर्मा, डॉ बलजिंदर सिंह, प्रो अन्नू आहूजा, प्रो गीता प्रुथी, प्रो संजय चोपड़ा, डॉ रेखा रानी, प्रो जुगमती, प्रो कविता, प्रो मीतु सैनी, प्रो किरण मलिक, प्रो मनोज कुमार, दीपक मित्तल आदि ने भाग लिया.

Comments