Friday, October 9, 2026
Newspaper and Magzine


भगवान महावीर के अहिंसा, संयम और आत्मानुशासन के सिद्धांत आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक मंत्री: विपुल गोयल


अभिग्रह महोत्सव ने दिया सामाजिक जागरूकता और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश: हरविंद्र कल्याण

नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनें सामाजिक-धार्मिक संस्थाएं, स्वस्थ समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण: कृष्ण लाल पंवार

संकल्प शक्ति से बदलेगा समाज, युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ें: महीपाल ढांडा

BOL PANIPAT, 9 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय, नागरिक उड्डयन एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जैन समाज की ओर से अभिग्रह महोत्सव अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। विपुल गोयल शुक्रवार को पानीपत के सेक्टर-25 स्थित ओरेलिया बैंक्वेट में आयोजित अभिग्रह महोत्सव एवं नशा मुक्ति अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा जैन समाज का इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में परिवर्तन लाने के लिए संतों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जब धार्मिक संस्थाएं समाज सुधार के कार्यों को आगे बढ़ाती हैं और लोग उनके साथ जुड़ते हैं, तो सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एक मजबूत वातावरण तैयार होता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा, संयम और आत्मानुशासन के सिद्धांत आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि नशा मुक्ति के लिए संकल्प पत्र भरवाने जैसी पहल लोगों को केवल संदेश सुनने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से इस अभियान से जुडऩे के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने अभिग्रह के महत्व को समझाते हुए भगवान महावीर से जुड़ी कहानी के माध्यम से संकल्प, संयम और दृढ़ इच्छाशक्ति का संदेश दिया।

  हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि अभिग्रह महोत्सव जैसे आयोजन समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। महापुरुषों ने अपने जीवन और विचारों से मानवता को सही मार्ग दिखाया है। हमें उनके आदर्शों को अपनाते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहकर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा हमारे सामने एक गंभीर समस्या और चुनौती दोनों है। इससे निपटने के लिए प्रत्येक परिवार को जागरूक होना होगा और युवाओं को नशे से बचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं को प्रगति और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढऩे के लिए प्रेरित कर रहे हैं। नशा मुक्ति के लिए सरकार के प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने जैन समाज और आयोजन से जुड़ी सभी संस्थाओं को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि संकल्प शक्ति व्यक्ति को कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है। जब व्यक्ति दृढ़ निश्चय के साथ किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए आगे बढ़ता है, तो उसके प्रयास समाज में भी बदलाव लाते हैं। अभिग्रह महोत्सव आत्मसंयम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जैन समाज और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩा आवश्यक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी संस्थाओं और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है। नशा मुक्ति अभियान तभी सफल होगा, जब सरकार के प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाएं, परिवार और युवा भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है और इस दिशा में जनजागरण की अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि हमारा संदेश स्पष्ट होना चाहिए — नशे को ना और खेलों को हां। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने एशियाई खेलों में कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाडिय़ों के प्रदर्शन और पदक जीतने वाले महिला एवं पुरुष खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए युवाओं को खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस मौके पर संस्था को अगले वित्त वर्ष में 11 लाख रूपये देने की घोषणा की और कहा कि चालू वित्त वर्ष में 11 लाख रूपये पहले ही दिए जा चुके हैं।

राज्य सभा सांसद संजय भाटिया के पुत्र चांद भाटिया और पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य के पुत्र अशोक आर्य ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है, जो युवाओं की ऊर्जा, परिवारों की खुशियां और समाज की प्रगति को प्रभावित करती है। इसलिए समय की मांग है कि नशे के खिलाफ जागरूकता को जन आंदोलन का रूप दिया जाए और प्रत्येक व्यक्ति इस संकल्प के साथ आगे आए कि वह स्वयं नशे से दूर रहेगा तथा दूसरों को भी इससे बचाने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने सभी मंत्रियों का बुके देकर अभिनंदन किया।

    इस अवसर पर जैन समाज से विजय जैन, विनय जैन, रामनिवास जैन, राजमल, संजय जैन, जगदीश जैन, डीएमसी  अरुण भार्गव, राजेश गोयल, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, सांसद संजय भाटिया की बेटी चांद भाटिया, महापौर कोमल सैनी, पूर्व मेयर अवनीत कौर, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य के पुत्र अशोक आर्य तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट , वेद परासर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रयासों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।  आयोजकों ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अभिग्रह महोत्सव के माध्यम से संयम, सदाचार और नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

विदित रहे कि एक दिन में 20,870 संकल्प पत्र भरकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
नशा मुक्ति अभियान 4 अक्टूबर को एक ही दिन में 20,870 संकल्प पत्र भरवाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। यह उपलब्धि नशे के खिलाफ जनजागरण और सामाजिक सहभागिता की भावना को दर्शाती है। इस प्रकार के प्रयासों से लोगों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समाज को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक बनाने की दिशा में सामूहिक संकल्प मजबूत होता है।

Comments


Leave a Reply