कार से पर्स चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 24 अप्रैल : समालखा चौकी पुलिस ने कार से पर्स चोरी करने के शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान खलीला पहलादपुर निवासी परमीत उर्फ बच्ची के रूप में हुई है।

समालखा चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि उनकी टीम को वीरवार रात को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड मनाना मोड़ के पास संदिग्ध किस्म का एक युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान परमीत उर्फ बच्ची पुत्र कर्मबीर निवासी खलीला पहलादपुर के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने गत 5 अप्रैल को भापरा बाइपास पर शराब ठेके के पास खड़ी एक कार से पर्स चोरी करना स्वीकारा। पर्स में करीब 12 हजार रूपए कैश, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस व अन्य कुछ कागजात थे। पर्स चोरी की वारदात बारे थाना समालखा में बेगमपुर ताहरपुर निवासी रविंद्र पुत्र रामकिशन की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने कार से पर्स चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया उसने पर्स में मिली 12 हजार की नकदी में से ज्यादातर पैसे नशा करने व खाने पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 2500 रूपए, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस और पर्स बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
आरोपी ने पूछताछ में चोरी की उक्त वारदात के अतिरिक्त 10 अप्रैल को समालखा में सेवा समिती चौक के पास एक बाइक सवार युवक से लिफ्ट लेकर बैग से 15 हजार रूपए चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में रिशपुर गांव निवासी सागर पुत्र सतबीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। उसके खिलाफ चोरी की वारदातों के करीब 5 मामलें दर्ज है। आरोपी करीब 2 महीने पहले पानीपत जेल से बेल पर बाहर आया था।

Comments