Sunday, July 19, 2026
Newspaper and Magzine


मंगल पांडे का बलिदान हर भारतीय के लिए राष्ट्रभक्ति की अमिट प्रेरणा : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 19, 2026 Tags: , , , , ,

वीर क्रांतिकारी की जयंती पर उपायुक्त ने किया नमन

युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान

BOL PANIPAT , 19 जुलाई। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर क्रांतिकारी मंगल पांडे की जयंती पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंगल पांडे का अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और आत्मबल का अनुपम उदाहरण है।
उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि मंगल पांडे ने अपने अद्वितीय साहस और बलिदान से अंग्रेजी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता की ऐसी अलख जगाई, जिसने पूरे देश में आजादी की चेतना का संचार किया। उनका संघर्ष केवल एक व्यक्ति का विद्रोह नहीं था, बल्कि भारत की स्वतंत्रता के महान आंदोलन की आधारशिला था।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मंगल पांडे का त्याग, वीरता और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, समृद्ध, स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Comments


Leave a Reply