पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में एसडीवीएम हुड्डा में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वरिंदर (बुल्ले)शाह ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
BOL PANIPAT : आगामी 18 जून को पानीपत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में एसडीवीएम हुड्डा में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वरिंदर (बुल्ले)शाह ने आज एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभी तक 2 जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। पानीपत में हरियाणा कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। वरिंदर शाह ने पत्रकारों के माध्यम से पानीपत के आमजन को जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत करने का न्योता दिया। कार्यक्रम रविवार को शाम 5:30 बजे आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया यह कोई जलसा या जुलूस नहीं पानीपत के आमजन के साथ जनसंवाद का कार्यक्रम है जिसमें भूपेंद्र हुड्डा पानीपत की जनता के साथ सीधा संवाद करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उन्होंने बताया कि पानीपत के सभी वर्गों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। एक्सपोर्टर, उद्योगपति से लेकर अंतिम व्यक्ति तक कार्यक्रम का न्योता भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल में जो डर का माहौल बनाया गया है लोगों को अनावश्यक तंग किया जा रहा है। रोजाना खबरों में ईडी सीबीआई का नाम सुन सुनकर आम आदमी सोचता है कि चुप रहने में ही भलाई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐलान कर दिया है की कांग्रेस सरकार सरकार बनने के 1 घंटे के अंदर प्रॉपर्टी आईडी को खत्म किया जाएगा। इसके अलावा पांच बिंदुओं के बारे में भी घोषणा की गई थी जिसमें ₹500 में गैस सिलेंडर, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने, 100 गज के प्लॉट में दो कमरे बनाकर देने,₹6000 वृद्धावस्था पेंशन देने और जिन लोगों के राशन कार्ड काटे गए हैं उनकी बहाली की जाएगी। किसी भी व्यक्ति का राशन कार्ड नहीं काटा जाएगा बल्कि नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे।
पानीपत जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा जनता के बीच उपस्थित रहकर जनता के हाल-चाल जानेंगे व उनकी समस्याओं को जानकर उनके समाधान को लेकर रणनीति तैयार करेंगे। ताकि भविष्य में कांग्रेस की सरकार आने पर जनता की समस्याओं का निवारण कर सकें। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम में व्यवस्था अनलिमिटेड लोगों के हिसाब से की गई है कोई भी व्यक्ति आकर अपनी समस्या रख सकता है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम से पहले पानीपत के रेस्ट हाउस में दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पानीपत के पत्रकारों के साथ वार्ता करेंगे उन्होंने पत्रकारों को भी कार्यक्रम में पहुंचने का न्योता दिया।
इस अवसर पर विपुल शाह, अंशुल कक्कड़, सरदार बलजीत सिंह, राजू तेल वाला, सुनील वर्मा व पानीपत कांग्रेस के अन्य सभी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments