-मेधा भूषण आईपीएस ने संभाला पानीपत पुलिस अधीक्षक का कार्यभार
-अपराधियों को चेतावनी—अपराध करना है तो पानीपत छोड़ दें
-महिला विरुद्ध अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाना, कानून एवं व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध नियंत्रण के साथ आमजन को त्वरित न्याय दिलाना रहेंगी प्राथमिकताएं : एसपी मेधा भूषण आईपीएस
BOL PANIPAT , 06 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने रविवार को पानीपत पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने जिले में कानून एवं व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा आमजन को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि महिला विरुद्ध अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगी। महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वर्ष 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी मेधा भूषण का सेवाकाल विविध और प्रभावशाली रहा है। पानीपत में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने से पूर्व वह डीसीपी सोनीपत पूर्वी जोन के पद पर तैनात थी। इससे पहले वह एसपी स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो तथा एएसपी रोहतक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वह एएसपी के रूप में सांपला में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। वे स्वच्छ छवि की जनप्रिय तथा आमजन के कार्यों के लिए समर्पित पुलिस अधिकारी के तौर पर जानी जाती हैं।
कार्यभार संभालते ही पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून एवं व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और आमजन को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधों की रोकथाम करना भी है।
अपराधियों को चेतावनी—अपराध करना है तो पानीपत छोड़ दें
एसपी मेधा भूषण ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियार रखने, चोरी, लूट, छीना-झपटी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी को अपराध की राह चुननी है तो वह पानीपत छोड़ दे, क्योंकि जिले में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि कानून एवं व्यवस्था के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों पर पूरी सख्ती से शिकंजा कसा जाएगा और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना होगा।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पानीपत शहर एवं जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाना भी उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल है। यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने के साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना आवश्यक है। आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, भयमुक्त और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
एसपी मेधा भूषण आईपीएस ने कहा कि पानीपत पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त और आमजन के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग के सिद्धांत पर कार्य करेगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी, जबकि कानून का पालन करने वाले नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी रहेगी।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी
कार्यभार संभालने के बाद एसपी मेधा भूषण आईपीएस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों, चौकी इंचार्जों और विभिन्न शाखाओं के इंचार्जों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया। पहली ही बैठक में उन्होंने सभी को कड़े और स्पष्ट शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करें। उन्होंने थाना-चौकियों में शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ शालीनता से व्यवहार करने और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, समस्याओं के समाधान और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर अपराध पर अंकुश लगाया जाए।

Comments