मीडिया में देश और दुनिया की बंद आंखों को खोलने की ताकत- महिपाल ढांडा
-मीडिया को सकारात्मक रूप से समाज को जागरूक करने का करना होगा कम-प्रमोद विज।
BOL PANIPAT : 3 अगस्त। प्रदेश के पंचायत, विकास एवं सहकारिता राज्य मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मीडिया में देश और दुनिया की बंद आंखों को खोलने की ताकत है, इसलिए मीडिया को अपना सकारात्मक पहलू अपनाते हुए लोगों को जागरूक करना चाहिए।
मंत्री महिपाल ढांडा ने यह बात हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश स्तरीय अधिवेशन में पानीपत के स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कही। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी जान की बाजी लगाकर देश और दुनिया को सूचना पहुंचाने का काम करते हैं।
ढांडा ने कहा कि जहां आम आदमी पहुंचने की हिम्मत नहीं करता वहां पत्रकार बिना किसी डर और भय के पहुंच जाते हैं और इसका जीता जागता उदाहरण यूक्रेन और रूस का युद्ध था। जिसमें पत्रकारों ने युद्ध के माहौल में पत्रकारिता की और दुनिया में सूचना पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार सातों दिनों और 24 घंटे काम करते हैं। इसलिए पत्रिकाओं की सुविधाओं से संबंधित जो भी मांगे उनके समक्ष रखी गई हैं। वह उन मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे और उन्हें पूरा भी करवाएंगे।

पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि पत्रकार समाज के सकारात्मक पहलू को रखकर समाज में जागरूक करने का काम कर सकता है, इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा सकारात्मक लाकर पत्रकारिता करनी चाहिए। यही नहीं हमें अपनी विश्वसनीयता को भी बरकरार रखना होगा जो की एक चुनौती भी है लेकिन निष्पक्ष पत्रकारिता से उसे भी पार पाया जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में रिफाइनरी द्वारा सीएसआर के तहत करवाए गए कामों की भी प्रशंसा की। इस अवसर पर रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एमएल डाहरिया ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप बांगड़ सहित विभिन्न समाचार पत्रों और चैनलों के पत्रकार एवं छायाकार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष आरपी वशिष्ठ ने यूनियन की ओर से मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत, विकास एवं सहकारिता राज्य मंत्री महिपाल ढांडा ने नन्हे धावक शैलेश्वर को भी सम्मानित किया।इस अवसर पर जींद से संजीव नैन,राजू ग्रोवर, सोनू ग्रोवर विशेष तौर पर मौजूद रहे।

Comments