श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव की राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर सिख समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने की जिला प्रशासन के साथ बैठक
BOL PANIPAT , 25 मार्च। श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आगामी 24 अप्रैल को पानीपत में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर एक बड़ी बैठक का आयोजन शनिवार 26 मार्च को स्थानीय आर्य कॉलेज के सभागार में प्रात: 10 बजे किया जाएगा। इस संम्बध में आज लघु सचिवालय के द्वितीय तल सभागार में सिख समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों की जिला प्रशासन के साथ बैठक हुई जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर पूज्य संत बाबा दलविन्द्र सिंह (इसराना वाले) और गुरविन्द्र शाह (श्री गुरुद्वारा शाह साहाब), जगदीश चौपड़ा, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार, जगदीश सिंह झिण्डा, पानीपत की मेयर अवनीत कौर, पानीपत की जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मौजूद रही।

घर-घर जाकर देंगे प्रकाश उत्सव समारोह का निमंत्रण: ढांडा
पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि आगामी 24 अप्रैल को होने वाले प्रकाश उत्सव समारोह के लिए प्रत्येक घर में निमंत्रण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक है और पानीपत की पावन धरा पर होना हम सबके लिए गर्व की बात है।
प्रत्येक मन्दिर समिति को मिले भण्डारें की स्टॉल: विज
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि ऐसे भव्य कार्यक्रम आयोजित करना हम सबके लिए गर्व की बात है। प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी भूमिका पूर्ण रूप से निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सबका मिलाजुला कार्यक्रम है इसलिए प्रत्येक मन्दिर की समिति को भण्डारे की स्टॉल दी जाए।
यह सर्व समाज का प्रकाश उत्सव: डॉ. अर्चना गुप्ता
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर सर्व समाज के थे उनके 400वें प्रकाश उत्सव को लेकर हम सब सर्व समाज को जोडऩे का काम करेंगे। पूरी भावनाओं के साथ कार्यक्रम में भाग लिया जाएगा और इसको सफल बनाएंगे।
नगर निगम मेयर अवनीत कौर ने कहा कि पानीपत की सभी साध संगत प्रशासन के साथ मिलकर इस काम को पूर्ण करेगी और पूरी मर्यादाओं के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि सभी संस्थाओं को जिला प्रशासन की ओर से हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ी जाएगी।
जगदीश चौपड़ा ने कहा कि पानीपत का यह कार्यक्रम रुहानी वाणी का समागम है। यह समारोह सबसे हटकर होगा क्योंकि गुरुओं की बनाई हुई परम्पराओं का निर्वहन करना हम सबकी जिम्मेदारी है और वाहेगुरु का संदेश देते हुए हम सबने समाज को जोडऩे का काम करना है। बैठक में सिख समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

Comments