Sunday, September 20, 2026
Newspaper and Magzine


मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल 21 से 27 सितंबर तक फिर खुलेगा-उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 20, 2026 Tags: , , , , ,

खरीफ फसल की खरीद से वंचित किसानों के लिए सरकार ने दिया एक और मौका
31 जुलाई तक पंजीकरण न कराने वाले किसान अब एसडीएम के पास दे सकेंगे आवेदन-उप निदेशक कृषि विभाग डॉ बलवंत सहारण
तीन दिन में दावे का सत्यापन
किसानों को खरीद प्रक्रिया में शामिल होने का मिलेगा अवसर

BOL PANIPAT, 20 सितंबर। खरीफ सीजन 2026 में ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर निर्धारित समय तक पंजीकरण नहीं करा पाने वाले किसानों को सरकार ने एक और अवसर प्रदान किया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ऐसे किसान अब अपनी फसल को खरीद प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के समक्ष आवेदन कर सकेंगे। किसानों की सुविधा के लिए ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल 21 सितंबर से 27 सितंबर  तक दोबारा खोला जाएगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि खरीफ 2026 के दौरान कुछ किसान निर्धारित अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे। ऐसे किसानों को अब अपनी फसल की खरीद प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत करना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि किसानों द्वारा प्रस्तुत दावों का संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन किया जाएगा। विभागीय निर्देशों के अनुसार दावे का सत्यापन अधिकतम तीन दिन की अवधि में सुनिश्चित किया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र किसानों के लिए ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी, ताकि वे खरीफ फसल की सरकारी खरीद प्रक्रिया में भाग ले सकें।
डॉ. वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और पात्र किसानों के दावों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
कृषि विभाग के उप निदेशक डॉक्टर बलवंत सहारण ने बताया कि ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ हरियाणा सरकार की किसान-केंद्रित व्यवस्था है, जिसके माध्यम से किसान अपनी फसलों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराते हैं। इस व्यवस्था के जरिए किसानों की बोई गई फसल, भूमि और संबंधित कृषि विवरण का रिकॉर्ड तैयार किया जाता है। फसल का पंजीकरण होने से सरकारी खरीद सहित विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने में प्रशासन को सुविधा होती है। खरीफ 2026 में निर्धारित समय तक पंजीकरण नहीं करा पाने वाले किसानों के लिए अब विभाग ने विशेष रूप से पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे 21 से 27 सितंबर के बीच इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी फसल को खरीद प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए समय पर आवेदन करें। इसके लिए किसान एसडीएम कार्यालय या फिर नजदीकी कृषि विभाग में पूरी डिटेल सहित जिसमे फोन नंबर, बैंक कापी या अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट होने चाहिए।

Comments


Leave a Reply