नशा मुक्त हरियाणा की मुहिम को जन आंदोलन बनाएगा प्रशासन: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
युवाओं का भविष्य बचाने के लिए प्रशासन और समाज मिलकर निभाएंगे जिम्मेदारी
18 जुलाई को आर्य कॉलेज में होगा विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
एनजीओ की सक्रिय भागीदारी से सफल होगा मुख्यमंत्री का ‘हरियाणा उदय’ अभियान
BOL PANIPAT, 6 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह के हरियाणा उदय अभियान के तहत नशा मुक्त हरियाणा के उद्देश्य को लेकर सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि आज नशा युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेकर उनके उज्ज्वल भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। यह पूरे समाज की चिंता का विषय है। नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब प्रशासन, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर इसे जनआंदोलन का रूप देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि स्कूल स्तर से ही बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 18 जुलाई को आर्य कॉलेज, पानीपत में नशा मुक्ति विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी एनजीओ प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने सभी स्वयंसेवी संस्थाओं से 11 जुलाई को चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आयोजित मुख्यमंत्री के विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेने का अनुरोध किया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि नशा किसी एक व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग से हर युवा तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा, ताकि नशा मुक्त और सुरक्षित समाज की दिशा में एक मजबूत उदाहरण बन सके।
बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएसपी मुकेश जाखड़, डीडीपीओ राजेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, आरटीए सचिव डॉ. नीरज जिंदल, एडवोकेट संदीप जिंदल, सीए विनोद धमीजा, सुमित अग्रवाल, तुषार, सुरेश काबरा, दीपक गोयल,सिद्धार्थ गुप्ता,सुमित मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments