विधानसभा आम चुनाव में माइक्रो ऑब्जर्वर की रहती है महत्वपूर्ण भूमिका: सामान्य पर्यवेक्षक.
-विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व स्वतंत्र रूप से कराने को लेकर माइक्रो ऑब्जर्वर का पायलट प्रशिक्षण सम्पन्न
-मतदान के दिन माइक्रो ऑब्जर्वर को मतदान बूथ पर पहुंचना होगा डेढ़ घंटा पूर्व।
BOL PANIPAT , 24 सितंबर। विधानसभा 2024 के आम चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आर्य पी.जी. कॉलेज के सभागार में माइक्रो ऑब्जर्वर की पायलट प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में सामान्य ऑब्जर्वर बालाजी दिगंबर मंजुले ने माइक्रो ऑब्जर्वर को चुनावी डयूटी में उनकी क्या भूमिका रहेगी इस पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंंने कहा कि विधानसभा के आम चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व स्वतंत्र रूप से कराने को लेकर माइक्रो ऑब्जर्वर अहम भूमिका निभाते है। चुनाव में उनकी मुख्य भूमिका होती है। यदि कोई माइक्रो ऑब्जर्वर डयूटी के प्रति कोताही बरतता है तो वह इसके लिए स्वयं जिम्मेदार होगा।
उन्होंने कहा कि वे पोलिंग स्टेशनों पर मतदान शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले पहुंच कर स्थिति का जायजा लें व अगर जरूरत पड़े तो सामान्य ऑब्जर्वर को फोन व मैसेज भेज कर सूचित करे ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना से बचा जा सके व चुनाव को शांतिपूर्ण व स्वतंत्र रूप से कराया जा सके। सामान्य ऑब्जर्वर ने प्रशिक्षण के बाद माइक्रो ऑब्जर्वर से चुनाव सम्बन्धी फीडबैक भी लिया।
शुगर मिल के एमडी मनदीप कुमार ने पायलट प्रशिक्षण में माइक्रो ऑब्जर्वर मॉक पोल के बारे में विस्तारपूर्वक बताया कि उन्हें हर घंटे रिपोर्ट करनी होगी। उन्होंने पोलिंग एजेन्ट, प्रीजाइडिंग ऑफिसर की चुनाव में भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विधानसभा के चुनाव में सभी माइक्रो ऑब्जर्वर को निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्वक चुनाव में डयूटी देने का आह्वान किया और कहा कि कोई भी चीज संदिग्ध दिखाई दे तो उसकी तुरंत रिपोर्ट दें। उन्होंने सभी को चुनाव के दिन समय पर पहुंच कर अपनी डयूटी को निष्पक्ष निभाने के निर्देश दिए। पायलट प्रशिक्षण में विभिन्न माइक्रो ऑब्जर्वरों ने सामान्य ऑब्जर्वर के समक्ष चुनाव से सम्बन्धित शंकाए भी रखी जिनका सामान्य ऑब्जर्वर ने हौसले से समाधान किया। इस मौके पर सामान्य पर्यवेक्षक अनुराग यादव और नगर निगम की सहायक आयुक्त मनी त्यागी भी उपस्थित रही।

Comments