“मिशन बुनियाद ओरिएंटेशन: शिक्षा की मजबूत नींव की ओर ऐतिहासिक पहल, 421 विद्यार्थियों ने लिया भाग”
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने आर्य कॉलेज में किया संबोधित।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने दिखाई शिक्षा रथ को हरी झंडी।
BOL PANIPAT , 16 अप्रैल–आर्य पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में वीरवार को “मिशन बुनियाद ओरिएंटेशन” कार्यक्रम का भव्य एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार एवं जागरूकता को केंद्र में रखा गया।
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मेयर कोमल सैनी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त करण सिंह पूनिया, गुलाब पांचाल, डॉ. सुभाष चंद्र भारद्वाज, जिले के सभी डिप्टी डीईओ एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला साइंस स्पेशलिस्ट संदीप कुमार एवं जिला कल्चरल कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन विपिन कुंडू एवं मोनिका आर्य ने प्रभावी ढंग से निभाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें अनीता बटला, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. सरला मलिक, रेखावंती एवं ज्योति ने भाग लिया। इसके पश्चात मिशन बुनियाद की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, समाज में सकारात्मक योगदान देने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने मिशन बुनियाद को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं परिवर्तनकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की। मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मिशन बुनियाद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमताओं को सुदृढ़ करना, पढ़ने-लिखने एवं गणितीय कौशल को विकसित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण उत्पन्न करना है। यह पहल न केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास है, बल्कि अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने अपने संबोधन में शिक्षा विभाग की उपलब्धियों, योजनाओं एवं मिशन बुनियाद की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सुदृढ़ शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान जिला स्पेशलिस्ट एवं उनकी टीम द्वारा तैयार “ओलंपियाड वॉल्यूम–2” पुस्तक का विमोचन माननीय शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा एवं मेयर कोमल सैनी के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मिशन बुनियाद थीम पर आधारित आकर्षक रंगोली प्रस्तुत की गई, जिसे जिला कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल के नेतृत्व में टीम द्वारा तैयार किया गया। इस रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और शिक्षा के संदेश को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
रंगोली टीम में अभिषेक बासु, अनिल कुमार, गुरविंदर कौर, रितु रत्तेवाल, सुमन मान, कमलजीत, रणदीप खोखर एवं मित्रसेन शामिल रहे। शिक्षा मंत्री ने पूरी टीम के साथ फोटो खिंचवाकर उनके कार्य की सराहना की।
शिक्षा रथ को हरी झंडी:
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा द्वारा संचालित “शिक्षा रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने राकेश बूरा द्वारा दिए गए “अबकी बार 10 हजार पार” के नारे की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक एवं लक्ष्य-उन्मुख पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संकल्प ही शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।
इस कार्यक्रम में कुल 421 विद्यार्थियों ने भाग लिया, साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने इसे जन-जागरूकता का सफल मंच बना दिया।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा एवं शिक्षा के प्रति नए संकल्प के साथ हुआ। मिशन बुनियाद के माध्यम से शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाने का यह प्रयास निश्चित रूप से जिले में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर विनोद सिंगला, हरि ओम, जयदीप, महेंद्र, रेखा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments