सांसद संजय भाटिया ने ली जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की 8वीं बैठक
BOL PANIPAT , 29 जून। करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की 8वीं बैैठक की अध्यक्षता करते हुए बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सभी अधिकारियों से अपील की कि केन्द्र सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं के तहत इस समिति का गठन किया गया है। इसलिए सभी अधिकारी जिला को विकास कार्यो में आगे ले जाने और बेहतर से बेहतर करने में अपना भरपूर योगदान दें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कार्यालयों में आने वाले आगन्तुकों के साथ व्यवहार कुशलता के साथ बात करें और उन्हें समझाने में झिझक ना करें।
संजय भाटिया ने कहा कि केन्द्र सरकार के बुनियादी ढांचे से लेकर विकास, सामाजिक और मानव संसाधन के प्रभावी विकास समन्वय के लिए जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति का मुख्य उदे्श्य योजनाओं के सफल और समय पर क्रियांवन के लिए केन्द्र व राज्य सरकारों के साथ समन्वय करना है। इसलिए सभी अधिकारी इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने के लिए बेहतर से बेहतर प्रयास करें।
बैठक में सांसद संजय भाटिया के समक्ष महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी अधिनियम के तहत प्रगति रिपोर्ट देते हुए बताया कि अभी तक जिला में 40 हजार 417 जॉबकार्ड इस योजना के तहत जारी किए गए हैं। वर्ष 2022-23 में 3 हजार 704 परिवारों व 4 हजार 615 मजदूरों को रोजगार प्राप्त हुआ है। इसके तहत 7 हजार 97 कार्य शुरू किए गए हैं जिनमें से 6 हजार 285 कार्य पूरे हो चुके हैं और 812 कार्य प्रगतिशील हैं। इस योजना के तहत सिंचाई, जनस्वास्थ्य, वन विभाग, मार्केटिंग बोर्ड व अन्य विभागों के साथ काम करवाया गया है। जल शक्ति अभियान के तहत तालाबों की खुदाई, पौधारोपण, रैन हार्वेस्टिंग और सोखता गढ्ढे इत्यादि बनवाए गए हैं। श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान सीधे उनके खाते में किया जाता है और इसे इलैक्ट्रोनिक ट्रांसफर मोड के माध्यम से बनाया गया है जिसमें 15 दिनों में सकारात्मक रूप से भुगतान किया जाता है। जिला पानीपत में लगभग 1 हजार 757 अनुसूचित जाति के लोगों और 2761 महिलाओं को रोजगार दिया जा चुका है।
सांसद के समक्ष दीन दयाल अंतोदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दी गई प्रगति रिपोर्ट में बताया गया कि जिला में 1 हजार 736 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं जिसमें 13 हजार 542 महिलाएं काम कर रही हैं। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्देश देते हुए सांसद संजय भाटिया ने कहा कि प्रत्येक गांव से 2 घर ऐसे चुने जिनकों धरातल पर अपना घर दोबारा बनवाने की जरूरत है और वे कण्डम हालत में है। सभी गांवों में ऐसे दो घर चुनकर उनका इस योजना के तहत मकान तैयार करवाएं।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता ने सांसद संजय भाटिया को बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 11 सडक़े ली गई हैं जिनमें से 7 सडक़ों पर काम पूरा हो चुका है बाकि सडक़ें शीघ्र ही पूरी कर दी जाएगी।
बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कार्यकारी अभियंता ने बताया कि इस योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2024 तक प्रत्येक घर में पानी का क्नैक्शन उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है लेकिन हरियाणा सरकार ने इस मिशन को प्राथमिकता के आधार पर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। बैठक में डिजीटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत डीआरओ ने बताया कि जिला की कुल 198 जमाबंदियों में से 196 जमाबंदिया ऑनलाईन की जा चुकी है और ऑनलाईन इंतकाल स्टेटस का कार्य भी प्रगति पर है।
बिजली विभाग से सम्बंधित समीक्षा प्रस्तुत करते हुए अधिकारी ने बताया कि गढ़ी छाजु और राजाखेड़ी के 33 केवी के सब स्टेशन पूरे हो चुके हैं और गढसरनाई व परढ़ाना का भी जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। सांसद संजय भाटिया ने कहा कि बिजली आपूर्ति को लेकर म्हारा गांव जगमग योजना के तहत जहां बिजली की समस्या आ रही है वे तुरन्त प्रभाग से दूर करें।
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि जिला में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लोगों को नि:शुल्क रूप से गेंहू वितरण अच्छे ढंग से किया गया है। उन्होंने इसके लिए डीएफएससी की प्रशंसा की। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, ठोस तरल कचरा प्रबंधन, शौचालय, प्रधानमंत्री कृषि संचित योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायक कार्यक्रम के द्वारा दी जाने वाली पैंशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, समैकित बाल विकास योजना, मीड डे मील, खाद्य आपूर्ति विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और नगर निगम से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में विधायक प्रमोद विज, डीसी सुशील सारवान, एडीसी वीना हुड्डा, सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, अतिरिक्त सीईओ जिला परिषद रवीन्द्र मलिक, एसडीएम वीरेन्द्र ढुल, सीटीएम राजेश सोनी सहित करीब 25 विभागों के विभागाध्यक्ष और कर्मचारी उपस्थित थे। उपायुक्त सुशील सारवान ने सांसद संजय भाटिया को आश्वस्त किया कि उन्होंने जो दिशानिर्देश दिए हैं उसकी पूूर्ण रूप से पालना होगी। इस बारे में सभी विभागों को दिशानिर्देश जारी कर दिए जाएंगे।

Comments