समाधान शिविर में आने वाली हर समस्या का समाधान निश्चित अवधि में तय करना सुनिश्चित करें अधिकारी: अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज
-समाधान शिविर में आई समस्याओं की अतिरिक्त उपायुक्त ने की समीक्षा, कहा समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें
-समाधान शिविर में सोमवार को 63 शिकायतकर्ताओं और प्रार्थियों ने प्रशासन से मिलकर समस्याओं के समाधान की लगाई गुहार
-अब समस्याओं के समाधान को लेकर हर सप्ताह होगी समीक्षा
BOL PANIPAT , 16 दिसंबर। हरियाणा सरकार के दिशानिर्देश पर प्रदेश भर में आयोजित किये जा रहे जनता समाधान शिविर की कड़ी में सोमवार को जिला सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित सभागार में आयोजित किये गए समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त डॉ.पंकज यादव ने कहा कि अधिकारी निर्धारित समय में ज्यादा से ज्यादा समस्याओं का समाधान करें व शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करके घर भेंजे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने समाधान शिविर में अधिकारियों के साथ शिविर में अब तक पहुंची समस्याओं को लेकर समीक्षा की व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 90 प्रतिशत तक समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित करें। समीक्षा करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने 16 विभागों को 50 प्रतिशत से कम समस्याओं का समाधान की स्थिति में पाया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सप्ताह भर में समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित करे। अतिरिक्त उपायुक्त ने 50 प्रतिशत से कम समाधान करने वाले विभागों को कारण बताओं के नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि ये समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निदान करने के लिए मुख्यमंत्री के दिशानिर्देश पर लगाये जा रहे है। अगर इन पर ठोस कार्यवाही नहीं होती तो वे इसके खुद जिम्मेदार होंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ने अगली समीक्षा बैठक से पूर्व शेष बची सभी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे संदीप वासी वार्ड 12 ने प्रशासन से राशन कार्ड में नाम दर्ज करवाने की अपील की। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रार्थी राजेन्द्र वासी सींक ने प्रशासन से गुहार लगाई की जब वह मेरी फसल मेरा ब्यौरा में पंजीकरण करवाते है तो खेवट किसी दूसरे के नाम दिखता है। उन्होंने प्रशासन से समस्या के समाधान की अपील की। अतिरिक्त उपायुक्त ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ राजेश भारद्वाज को उपरोक्त समस्या पर संज्ञान लेने के निर्देश दिए।
समालखा उपमंडल की आढ़ती एशोसियेशन ने प्रशासन से शिकायत की कि नेशनल हाईवे के नीचे अवैध सब्जी मंडी चल रही है जिससे वैध मंडी का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस अवैध मंडी को वैध मंडी में शिफ्ट करने की गुहार लगाई। अतिरिक्त उपायुक्त ने मार्केट कमेटी सचिव को उपरोक्त शिकायत पर संज्ञान लेने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायतकर्ता मीनाक्षी वार्ड 24 ने प्रशासन से अनुरोध किया कि मेरे राशन कार्ड में डिपो का पता 3 वार्ड का है जो कि गलत है। वार्ड 24 का डिपो होल्डर राशन देने में आना कानी करता है। उन्होंने उनका पता वार्ड नम्बर 24 करने की अपील की। अतिरिक्त उपायुक्त ने डीएफएससी नीतू को संज्ञान लेने के निर्देश दिए।
प्राथी भूपेन्द्र कौर वासी सतकरतार कॉलोनी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि वो 80 प्रतिशत दिव्यांग है। ऐसी स्थिति में प्रशासन की योजनाओं का उसे लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त से दिव्यांग पैंशन का लाभ देने का अनुरोध किया।
इस मौके पर एसपी लोकेन्द्र सिंह, एसडीएम ब्रह्मïप्रकाश, सीटीएम टीनू पोसवाल, सीएमओ जयंत आहुजा, डीआरओ रणविजय सिंह सुल्तानिया, पब्लिक हैल्थ के कार्यकारी अभियंता कर्ण बहल, डीएसपी सतीश वत्स, डीएफएससी नीतू,भाजपा नेता कृष्ण किवाना, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीडीपीओ मनिष मलिक, एलडीएम राजकुमार, पशु चिकित्सक डॉ.माणिक, जिला रोजगार अधिकारी रीतू चहल, जिला परिषद डिप्टी सीईओ कंचन, मतस्य अधिकारी अनुज कुमारी, संजीव शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments