मंडियों में खरीद से उठान तक हर व्यवस्था दुरुस्त रखें अधिकारी, किसानों को न हो परेशानी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को समय पर मिले हर सुविधा
धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित करें खरीद एजेंसियां
साफ-सफाई, बारदाने और समय पर उठान पर विशेष ध्यान दें अधिकारी, किसानों की सुविधा सर्वोपरि
BOL PANIPAT , 15 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीरवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की और संबंधित उपायुक्तों, खरीद एजेंसियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने तथा किसानों की सुविधा से जुड़े सभी प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी मंडियों में धान की खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित की जाए। उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार हुई फसल की खरीद सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। मंडियों में किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और खरीद से लेकर फसल के उठान तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित व्यवस्था के अनुसार समय पर पूरी होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और मंडियों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें।
उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत उसका समाधान सुनिश्चित करें। खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक देरी, लापरवाही या आपसी तालमेल की कमी के कारण किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि मंडियों में किसानों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो।
उपायुक्त ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडियों में धान की खरीद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर की जाए। खरीद के बाद फसल के उठान में देरी न हो और मंडियों में अनावश्यक रूप से धान का जमाव न होने दिया जाए। उठान कार्य की नियमित समीक्षा की जाए तथा संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने मंडी प्रशासन को निर्देश दिए कि मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, किसानों के बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखी जाए। मंडियों में आवागमन सुचारू बना रहे तथा किसानों को अपनी फसल लेकर आने और उसे बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि बारदाने की कमी के कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मंडियों का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तुरंत समाधान करवाएं।
उन्होंने कहा कि धान खरीद के प्रत्येक चरण पर संबंधित विभाग और एजेंसी जवाबदेह होंगे। खरीद, उठान, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर विभिन्न खरीद एजेंसियों और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments