चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजित करवाने के लिए अधिकारी करें आपसी तालमेल से काम: सामान्य पर्यवेक्षक।
-सामान्य पर्यवेक्षक अनुराग यादव व बालाजी दिगंबर मंजुले, खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दूबे, पुलिस पर्यवेक्षक पी विजयन ने बैठक कर अधिकारियों से लिया चुनाव तैयारियों का जायजा, जिले की जनता से शांतिपूर्वक चुनाव के लिए सहयोग करने की अपील, कोई भी नागरिक लाईजन ऑफिसर के माध्यम से कर सकता है प्रात: 11 बजे से 12 बजे तक सम्बंधित पर्यवेक्षक से बात।
BOL PANIPAT , 12 सितंबर। विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजित करवाने के लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी तालमेल से काम करना होगा। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की किसी भी अधिकारी को कोई दिक्कत आती है तो वह तुरन्त इसकी जानकारी अपने डीओ व चुनाव पर्यवेक्षक को दें।
वीरवार को जिला सचिवालय के सभागार में सामान्य पर्यवेक्षक अनुराग यादव व बालाजी दिगंबर मंजुले ने जिले में विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजित करवाने के लिए चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी गतिविधियों के बारे में बारिकी से जानकारी ली।
सामान्य पर्यवेक्षक श्री यादव ने कहा कि अधिकारी ईमानदारी से चुनाव करवाएं। चुनाव में जिस अधिकारी व कर्मचारी की डयूटी लगी है वह उसे निष्ठïापूर्वक निभाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी हो इसके लिए स्वीप कार्यक्रम को बढ़ावा दें। उन्होंने जिले की जनता से अनुरोध किया कि वह इस चुनाव को शांतिपूर्ण आयोजित करवाने के लिए प्रशासन का सहयोग करे। यदि किसी को कोई दिक्कत है तो वह उनके नम्बर पर प्रात: 11 बजे से 12 बजे तक लाईजन ऑफिसर के माध्यम से बात कर सकता है।
सामान्य पर्यवेक्षक बालाजी दिगंबर मंजुले ने कहा कि चुनाव के दौरान एफएसटी, एसएसटी निरंतर कार्य करे और लोगों पर नजर रखे। वीवीटी टीम भी अपने कार्य को सुचारू रूप से करे। यदि सभी टीमें निष्ठïापूर्वक अपने कार्य का निर्वहन करेगी तो जिले में चुनाव पारदर्शी होगा। उन्होंने कहा कि जो भी जिले में चुनाव सम्बंधी गतिविधियां होती है उनकी जानकारी सम्बंधित पर्यवेक्षक के पास जरूर भेजे।
खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दूबे ने कहा कि चुनाव का कार्य आरम्भ हो गया है। सभी टीमें सजगता से दिन-रात काम करे। टीम की नजरों से कोई भी खर्चा बचना नहीं चाहिए। कोई भी अधिकारी ओवर कॉन्फिडेंस में आकर कार्य ना करे बल्कि चुनाव को गम्भीरता से लें। उन्होंने एमसीएमसी कमेटी के बारे में निर्देश दिए कि जो भी सोशल मीडिया, न्यूजपेपर पेड न्यूज का आंकलन करे और उन पर तुरंत कार्यवाही करके खर्चा जोड़े और रिपोर्ट सम्बंधित टीम को भेजें।
पुलिस पर्यवेक्षक पी विजयन ने चुनाव के दौरान सुरक्षा सम्बंधी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और पुलिस कप्तान को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजकल सोशल मीडिया यूटयूब, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम इत्यादि पर भ्रामक प्रचार किया जा सकता है। ऐसे प्रचार पर अंकुश लगे इसकी तैयारियां समय रहते करनी होगी।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष करवाने के लिए सभी पर्यवेक्षकों को आश्वासन दिया कि जिले में चुनाव शांतिपूर्ण करवाया जाएगा। चुनाव की तैयारियों के लिए पहले से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को उनसे सम्बंधित प्रशिक्षण दिया गया है। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद एवं चुनाव प्रशिक्षण नोडल अधिकारी नरेन्द्र मलिक ने जिले में चुनाव सम्बंधित जो भी तैयारियां की गई है उनकी पीपीटी को विस्तार से समझाया। इस मौके पर एडीसी डॉ. पकंज यादव, एसपी लोकेन्द्र सिंह, पानीपत एसडीएम ब्रहमप्रकाश, सीटीएम टिनू पोसवाल सहित सभी टीमों के नोडल उपस्थित रहे।
बॉक्स:
पर्यवेक्षकों ने स्ट्रांग रूम का लिया जायजा, सम्बंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशानिर्देश।
जिले में विधानसभा चुनाव को आयोजित करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक व खर्च पर्यवेक्षक भेजे गए हैं। इन सभी अधिकारियों की टीम ने वीरवार को आर्य शिक्षण संस्थान में बने स्ट्रॉंग रूम में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्ट्रॉंग रूम के इन्चार्ज से सभी बारीकियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रॉंग रूम के लिए बिजली व फायर विभाग से एनओसी ली जाए। इस अवसर पर डीसी ने बताया कि इसके लिए अलग से टीम का गठन किया गया है और टीम द्वारा सभी तैयारियां की ली गई हैं।
खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दूबे ने एमसीएमसी कमेटी की कार्य प्रणाली की ली जानकारी, डीआईपीआरओ ऑफिस में पहुंचकर किया अवलोकन।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पेड न्यूज व प्रचार के अन्य खर्चो के लिए एमसीएमसी कमेटी का गठन किया गया है। जिले में एमसीएमसी कमेटी जिला सचिवालय स्थित डीआईपीआरओ कार्यालय, चतुर्थ तल स्थित कमरा नम्बर 413 मेें स्थापित की गई है। खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दूबे ने डीआईपीआरओ कार्यालय में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और टीम के सदस्यों को निर्देश दिए कि वे सजगता से कार्य करें। सोशल मीडिया, न्यूज पेपर पर विशेष निगरानी रखें।

Comments