ड्रेन नंबर-1 को जोडऩे का कार्य 25 जून तक हर हाल में हो: विधायक प्रमोद विज
पानीपत में सडक़ सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: सीसीटीवी, नॉइट बैरियर और रोड चौड़ीकरण को मिली रफ्तार: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
डीसी की सख्ती: बारिश से पहले भरें गड्ढे, हादसे रोकने को प्रशासन अलर्ट
मच्छरौली कट खोलने से लेकर रिंग रोड तक, रोड सेफ्टी बैठक में लिए गए अहम फैसले
पानीपत में दुर्घटनाएं घटीं, पुलिस-प्रशासन ने रोड सेफ्टी मिशन को दी नई धार: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
BOL PANIPAT , 22 मई। जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने की। बैठक में सडक़ सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, सडक़ चौड़ीकरण, दुर्घटनाओं में कमी, नॉइस बैरियर, ड्रेनेज व्यवस्था और विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज ने ड्रेन न 1, रेलवे अंडर पास और कई जन हित के मुद्दों पर अपडेट लिए व अधिकारियों को कार्य में रूचि लेकर तीव्रता बरतने के निर्देश दिए। शहरी विधायक ने कहा कि शहर के विकास और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करें। विधायक ने ड्रेन नंबर-1 को जोडऩे का कार्य 25 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सडक़ों के गड्ढे भरना और नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव और दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि सडक़ सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने मच्छरौली कट को खुलवाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर के जीटी रोड तथा गोहाना रोड, जाटल रोड और असंध रोड फ्लाईओवर पर नॉइस बैरियर लगाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त और विधायक दोनों ने संबंधित विभागों को लोगों को ध्वनि प्रदूषण से राहत देने के लिए जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एनएच-44 के चौड़ीकरण और वाइडनिंग कार्य को गति देने पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सडक़ चौड़ीकरण से ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। बरसत रोड बाईपास निर्माण परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई ताकि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके। बैठक में खादी आश्रम से ड्रेन नंबर-1 तक ड्रेन लाइन निर्माण और सडक़ चौड़ीकरण के कार्य को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने शहर को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण पर भी चर्चा हुई। एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बैठक में बताया कि रिंग रोड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बैठक में पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चलाए जा रहे ट्रैफिक प्रवर्तन और जागरूकता अभियानों के कारण सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि ओवरस्पीड, बिना हेलमेट और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। बैठक में सडक़ सुरक्षा से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिनमें पेडेस्ट्रियन गार्ड रेल, फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर, सर्विस लेन सुधार, सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे, मिनी बाईपास निर्माण, रेलवे अंडरपास, टोल प्लाजा पर धर्म कांटा स्थापना और दुर्घटना पीडि़तों के लिए कैशलेस उपचार योजना शामिल रही। उपायुक्त ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सडक़ सुरक्षा को देखते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के अंडरपास, ड्रेन नंबर-1 से संबंधित कार्य, बरसत रोड बाईपास और रिंग रोड जैसी योजनाएं शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। जीटी रोड और तीनों फ्लाईओवर पर नॉइस बैरियर लगाने से लोगों को ध्वनि प्रदूषण से राहत मिलेगी। हमारा प्रयास है कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे हों और जनता को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलें। उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन सडक़ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश से पहले सडक़ों के गड्ढे भरने, नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। मच्छरोली कट सहित अन्य लंबित मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने के लिए पुलिस विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना, ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई, हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान तथा जागरूकता कार्यक्रमों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। पिछले महीनों में दुर्घटनाओं में कमी दर्ज होना पुलिस टीम की मेहनत और जनता के सहयोग का परिणाम है। आने वाले समय में भी स्कूलों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ सके।
निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए ड्रेनों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने और क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। शहर में ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि नागरिकों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीएसपी सुरेश सैनी, सीएमओ विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, चीफ इंजीनियर रमेश बागड़ी, निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments