केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 12 से 20 जून तक जिलेभर में होंगे विशेष कार्यक्रम आयोजित
सभी कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करेगा प्रशासन: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जनकल्याण शिविर और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन होंगे आयोजित
योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बनाई व्यापक कार्य योजना
BOL PANIPAT , 10 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 12 जून से 20 जून तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने इस कड़ी में प्रदेश के सभी उपायुक्त के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर तैयारी करने के निर्देश दिए। उपाय डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की तथा इनके सफल आयोजन के निर्देश दिए।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 13 जून को वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा 12 जून से 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नालों , खालों, ड्रेन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निकायों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में जिले में प्रगति पथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी शामिल होंगे।
15 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम स्तर पर पंचायत भवनों में शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 16 जून से 18 जून तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन कर विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
13 जून से 20 जून तक टाउन हॉल बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इसके अतिरिक्त 16 से 18 जून तक पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं का संचालन कृषि एवं पशुपालन विभागों द्वारा किया जाएगा।
कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती विषयक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ, आधुनिक तकनीकों तथा कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। यह प्रदर्शनिया कृषि विज्ञान केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
इसी कड़ी में 15 से 19 तक रोजगार मेलों का भी आयोजन किया जाएगा इसमें शिक्षा की प्रति युवाओं को जागरूक किया जाएगा। किसान यात्रा का भी आयोजन 12 से 20 के मध्य होंगे।
बैठक के उपरांत उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता, समर्पण और जनभागीदारी के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते पूरी करे, ताकि सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को इन अभियानों से जोडक़र उन्हें जागरूक एवं लाभान्वित करना है।
इस अवसर पर एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments