Wednesday, August 12, 2026
Newspaper and Magzine


अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर यूथ वीरांगना संस्था ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at August 12, 2026 Tags: , , ,

BOL PANIPAT , 12 अगस्त 2026: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर यूथ वीरांगनाएं संस्था द्वारा एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जीटी. रोड, पानीपत में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति सजग करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें समझाया गया कि हर युवा को अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि “आप युवा हैं, आप देश का भविष्य हैं। देश की प्रगति में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है।”

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ अपने सपनों को पहचानने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को यह संदेश दिया गया कि कठिन परिस्थितियां कभी भी उनके सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।

नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। यूथ वीरांगनाएं संस्था की ओर से बच्चों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास भी नशे को बढ़ावा न देने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने प्रण लिया कि “न हम नशा करेंगे और न ही अपने आसपास नशा होने देंगे।”

जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित की स्टेशनरी

इस अवसर पर संस्था द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से रजिस्टर, नोटबुक, पेन, कलर्स, स्केच एवं अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो और प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।

कार्यक्रम में यूथ वीरांगना की  बृजबाला, ज्योति सैनी, सोनिया रंधान, मीनू ढींगड़ा, गीता छाया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं और उन्होंने संस्था के इस जागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि “लक्ष्य तय करें, मेहनत से आगे बढ़ें, नशे से दूर रहें और देश के जिम्मेदार नागरिक बनें।”

यूथ वीरांगना संस्था समाज में शिक्षा, जागरूकता, महिला सशक्तिकरण एवं युवा उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Comments


Leave a Reply