सनौली खुर्द यमुना पुल पर बाढ़ पूर्व तैयारी हेतु जनपद स्तरीय मेगा मॉक- ड्रिल- 2022 कार्यक्रम का आयोजन
BOL PANIPAT ,सनौली (प्रीति शर्मा ) : सनौली खुर्द यमुना पुल पर उतरप्रदेश की और यमुना नदी के अंदर उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जनपद शामली द्वारा जिलाधिकारी जसजीत कौर के कुशल निर्देशन में वीरवार को बाढ़ पूर्व तैयारी हेतु जनपद स्तरीय मेगा मॉक- ड्रिल- 2022 कार्यक्रम का आयोजन यमुना घाट ग्राम मवी अहतमाल तिमाली कैराना में आयोजित किया। जनपद स्तरीय बाढ़ पूर्व तैयारी हेतु आयोजित मॉक एक्सरसाइज कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सकुशल संपन्न हुआ।आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते अपर जिलाधिकारी शामली संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आपदा विभाग उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के हर जनपद में आज मॉक ड्रिल किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि जो बाढ़ प्रभावित गांव है वहां के लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जा सके ताकि कोई अपरिहार्य घटना ना घटे। कार्यक्रम संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यह भी बाढ़ प्रभावित गांव है परंतु हमारे जनपद में उतनी बाढ़ नहीं आती है,लेकिन फिर भी यदि कोई आपदा आती है तो जिला प्रशासन उससे बेहतर तरीके से निपटेगा।उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के माध्यम से सेना,पुलिस प्रशासन व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आगामी बाढ़ जो एक आपदा है उससे कैसे बचाव हो,किसी डूबते हुए को कैसे बचाया जाए,उसके आगे क्या करना है,कैसे इलाज़ हो तथा कैसे रेस्क्यू किया जाता है,को लेकर प्रशिक्षिण एवं जागरूक किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि इस हेतु जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी बना है। आयोजित मॉक ड्रिल कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग व पशुपालन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह व एडिशनल एसपी द्वारा निरीक्षण किया और जानकारी प्राप्त की जिसमें संबंधित विभागों के द्वारा बाढ़ के दौरान दी जाने वाली राहत के संबंध में अवगत कराया गया।आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ नेहा दुबे ने बताया कि आज प्रदेश के 40 जनपदों में मेगा मॉक ड्रिल कि कार्यक्रम हुआ है जिसमें जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जनपद शामली द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारी हेतु मेगा मॉक ड्रिल कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है।उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान सभी लाइन डिपार्टमेंट जिसमें राजस्व, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, एनडीआरएफ, 336 फील्ड रेजीमेंट मेरठ द्वारा मॉक एक्सरसाइज का रेस्क्यू ऑपरेशन संपादित किया गया। जिसमें गोताखोरों और नाविकों का सहयोग प्राप्त किया।जिसमें रेस्क्यू करने के बाद लोगों को राहत शिविर में लाया गया।आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर एडिशनल एसपी ओ0पी0 सिंह, एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव, तहसीलदार कैराना प्रियंका जायसवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा, खंड विकास अधिकारी कैराना जितेंद्र कुमार मिश्र,सहित समस्त संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी गण मौजूद रहे।

Comments