Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में ‘मेगा स्किन अवेयरनेस एवं हेल्थ फिटनेस प्रोग्राम’ का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 15, 2022 Tags: , , , ,

‘आदर्श एक विश्वास वेलफेयर सोसाइटी’ के सहयोग से हुआ आयोजन

डॉ संदीप गेरा सीनियर चर्म-रोग विशेषज्ञ और परवीन नांदल अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग वर्ल्ड चैंपियन यूएसए  एवं मिस्टर यूनिवर्स ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन

BOL PANIPAT , 15 नवम्बर ,एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में ‘आदर्श एक विश्वास वेलफेयर सोसाइटी’ के सहयोग से ‘मेगा स्किन अवेयरनेस एवं हेल्थ फिटनेस प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया जिसमे डॉ संदीप गेरा सीनियर चर्म-रोग विशेषज्ञ और परवीन नांदल अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग वर्ल्ड चैंपियन यूएसए ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें अपने अनुभव और ज्ञान से लाभान्वित किया. इस अवसर पर ‘आदर्श एक विश्वास वेलफेयर सोसाइटी’ एनजीओ से नवीन मुंजाल, श्रेया मिड्ढा और भारत की दूसरी सबसे बड़ी फार्म कंपनी के सीनियर डीविजिनल मैनेजर हरीश अरोड़ा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की. माननीय मेहमानों का स्वागत एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल, जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला, कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल और प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने पुष्प-गुच्छ भेंट करके किया. इस अवसर पर प्रो राकेश सिंगला, डॉ एसके वर्मा, डॉ रवि रघुवंशी, डॉ राहुल जैन, श्री दीपक मित्तल कार्यक्रम में उपस्थित रहे. आज छात्राओं के लिए नि:शुल्क खून की जांच का कैंप लगाया गया और जिसमे उन्हें अनीमिया के बारे में बताया गया और गोलियाँ वितरित की गई.   

विदित रहे की डॉ संदीप गेरा आल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस दिल्ली से एमबीबीएस और एमडी की डिग्री से अलंकृत है और अब बतौर सीनियर चर्म-रोग विशेषज्ञ पानीपत में अपनी सेवाएं दे रहे है और आज उन्होनें कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपने कार्यरत हस्पताल में एक सप्ताह के लिए ओपीडी की फ्री सेवाएं देने की घोषणा की.

परवीन नांदल जो की अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग वर्ल्ड चैंपियन यूएसए की उपाधि से अलंकृत है ने भी छात्र-छात्राओं को पौष्टिक भोजन, फिटनेस के महत्त्व और बॉडी बिल्डिंग के तरीकों बारे विस्तार से समझाया और हौंसला बढाया. परवीन नानादल बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में पहले ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके है. 2022 में थाईलैंड में मिस्टर यूनिवर्स, 2017 में अमेरिका में वर्ल्ड चैंपियन, 2017 में फ़िनलैंड में मिस्टर यूनिवर्स, 2014 में मिस्टर यूरोप चैंपियन, 2013 में मिस्टर रूस चैंपियन सहित अनेकों प्रतियोगिताओं में परवीन ने अपने जौहर दिखाए है.

डॉ संदीप गेरा सीनियर चर्म-रोग विशेषज्ञ ने अपने जागरूकतापूर्ण भाषण में त्वचा सम्बंधित ज्ञान बांटते हुए बताया कि मौसम में बदलाव, केमिकल युक्त मेकअप प्रोडक्ट्स और प्रदूषण के चलते स्किन को स्वस्थ रखने के लिए उसकी ठीक तरह से देखभाल करना बहुत जरूरी होता है. परन्तु लोगों की अक्सर शिकायत रहती है कि अच्छी स्किन केयर और महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बाद भी उनकी स्किन पर कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलता है. ऐसा इसीलिए होता है क्योंकि ज्यादातर लोगों को अपनी स्किन टाइप के बारे में ही जानकारी नहीं होती है. स्किन की उचित देखभाल करने से पहले हमें अपनी स्किन का पता होना चाहिए. हमारी स्किन कितनी ऑयली, ड्राई या सेंसिटिव है यह बात हमारे बहुत काम की है. हमें सोते समय अच्छे तकिये का प्रयोग करना चाहिए. शरीर में पानी की मात्र का ठीक रहना भी त्वचा के लिए फायदेमंद है. शुष्क त्वचा के लिए नारियल पानी पीना चाहिए और कृत्रिम रसायनों और क्रीमों से बचना चाहिए.

परवीन नांदल ने कहा कि हमें अपने शरीर की सफाई, घर की सफाई, वस्त्रों की सफाई और आस-पड़ोस की सफाई पूरी लगन के साथ करनी चाहिए. सफाई व्यवस्था सही होने पर रोगाणु शरीर से दूर रहते हैं. उचित उपायों को अपनाने वाला व्यक्ति हमेशा स्वस्थ रहता है. बॉडी बिल्डिंग पर टिप्स देते हुए उन्होनें कहा कि नियमित व्यायाम बॉडी बिल्डिंग का सबसे सशक्त माध्यम है और इसके लिए हमें कोई सही जिम उस्ताद की देख-रेख में ज्वाइन करना चाहिए. रोजाना पुश अप्स करना, साइकिल चलाना, रस्सी कूदना और योग करना बॉडी बिल्डिंग के लिए राम बाण है. भरपूर मात्रा में प्रोटीन का सेवन भी बॉडी बिल्डिंग के लिए बहुत जरुरी है.

एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल ने कहा कि स्वास्थ्य को सबसे बड़ा धन कहा गया है. यदि रुपया-पैसा हाथ से निकल जाए तो उसे पुन: प्राप्त किया जा सकता है परंतु एक बार सेहत बिगड़ जाए तो उसे पुरानी स्थिति में लाने में बहुत मेहनत करनी पड़ती है. इसीलिए समझदार लोग अपने स्वास्थ्य की हिफाजत मनोयोगपूर्वक करते हैं. अच्छा स्वास्थ्य जीवन के समस्त सुखों का आधार है. अच्छे स्वास्थ्य में ही सौन्दर्य निहित है. जो अच्छे स्वास्थ्य से युक्त है उसी के मन में उत्साह और उमंग होती है. वह अपना कार्य चिंतामुक्त होकर करता है तथा कठिनाइयों से नहीं घबराता बल्कि हर समय उत्फुल्ल रहता है. उसको खाया-पीया भी शरीर में लगता है तथा उसे दुर्बलता और थकान भी नहीं आती. दूसरी तरफ बिगड़े हुए स्वास्थ्य वाला व्यक्ति हर समय उदास एवं दु:खी और विचलित रहता है. अत: प्रत्येक व्यक्ति का कर्त्तव्य है कि वह स्वास्थ्यप्रद जीवन शैली अपनाए और अपने तन को स्वस्थ और मन को आनंदित रखे. यह कैंप भी इसी प्रयोजन से लगाया गया.

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि आधुनिक जीवन शैली की तेज रफ्तार एवं भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत का विषय बहुत पीछे रह गया है और नतीजा यह निकला है की आज हम युवावस्था में ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, ह्रदय रोग, कोलेस्ट्रोल, मोटापा, गठिया, थायरॉइड जैसे रोगों से पीड़ित होने लगे हैं जो कि पहले प्रोढ़ावस्था एवं व्रद्धावस्था में होते थे. इसकी सबसे बड़ी वजह है खान-पान और रहन-सहन की गलत आदतें. उन्होने कहा कि हम सेहत के कुछ ही नियमों का पालन करके खुद भी स्वस्थ रह सकते है तथा परिवार को भी स्वस्थ रख सकते है. अन्य लोगों को स्वास्थय के लिए जागरूक करना भी हमारी ही जिम्मेदारी है. तभी एक स्वस्थ एवं मजबूत समाज और देश का निर्माण होगा. यही उद्देश्य इस प्रकार के कैम्पस को आयोजित करने का है क्योंकि कॉलेज प्रशासन स्वस्थ दिमाग और आत्मा के साथ स्वस्थ शरीर के सिद्धांत पर भी बल देता है. कॉलेज हेल्थ कैंप का आयोजन नियमित रूप से करता है ताकि कॉलेज में पढने वाला हर छात्र-छात्रा स्वस्थ और निरोगी रहे .  

Comments