Tuesday, July 28, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत शहर को मिला नया राजकीय कन्या महाविद्यालय, इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 28, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 28 जुलाई। हरियाणा सरकार ने पानीपत शहर की छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए नए राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नियमित रूप से प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। यह निर्णय छात्राओं को उनके शहर में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रारंभिक चरण में महाविद्यालय का संचालन डाइट भवन, जी.टी. रोड, रेड लाइट चौक, पानीपत से किया जाएगा। स्थायी भवन बनने तक इसी परिसर से शिक्षण कार्य शुरू होगा।          

देशबंधु गुप्ता कालेज पानीपत के प्रिसिपल सुभाष जागलान ने बताया कि महाविद्यालय में कला संकाय के अंतर्गत अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा तथा गणित विषयों में कुल 160 सीटों के साथ प्रवेश दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त वाणिज्य संकाय (कॉमर्स) में 80 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए समय पर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी। शहर में नए राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना से विशेष रूप से उन छात्राओं को लाभ मिलेगा, जिन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों या दूरस्थ कॉलेजों का रुख करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने से छात्राओं की उच्च शिक्षा में भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

Comments


Leave a Reply